आगरा में महाराजा सूरजमल और वीरवर गोकुला का बलिदान दिवस जोर-शोर से मनाएगी अखिल भारतीय जाट महासभा, 101 युवा करेंगे रक्तदान
आगरा। अजेय रियासत भरतपुर के महान शासक महाराजा सूरजमल का 262वां एवं भारतवर्ष के इतिहास में अमर बलिदानी वीरवर गोकुला (गोकुल सिंह उर्फ गोकुल जाट) का 355वां बलिदान दिवस अखिल भारतीय जाट महासभा द्वारा इस वर्ष भी भव्य और जोर-शोर से मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर सामाजिक चेतना के साथ मानव सेवा का संदेश देते हुए 101 युवा रक्तदान भी करेंगे।
यह निर्णय न्यू ओम गार्डन, इटौरा चौराहा के निकट आयोजित बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने की। बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार ने किया। बैठक में दोनों कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और तय किया गया कि शहर व देहात से सर्व समाज के हजारों लोग सहभागिता करेंगे।
महाराजा सूरजमल के शौर्य का स्मरण
जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि महाराजा सूरजमल ने 12 जून 1761 को आगरा किले पर अधिकार कर क्षेत्र की जनता को मुगलों के अत्याचार से मुक्त कराया। 25 दिसंबर को दिल्ली विजय के बाद यमुना में स्नान के समय उन्हें धोखे से मार दिया गया। इसके बावजूद भरतपुर के शासकों ने 1774 तक आगरा किले पर शासन करते हुए शहर में अनेक विकास कार्य कराए। इसलिए 25 दिसंबर को उनका बलिदान दिवस पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाया जाएगा, जिसमें सर्व समाज के प्रबुद्ध जनों को आमंत्रित किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार ने बताया कि 25 दिसंबर को कार्यक्रम स्थल पर ही 101 युवा रक्तदान करेंगे, जिससे समाज में सेवा और त्याग का संदेश जाएगा।
मंडल अध्यक्ष मेघराज सोलंकी ने कहा कि वीरवर गोकुला को 1 जनवरी 1670 को औरंगजेब ने अमानवीय यातनाएं देकर शहीद किया था। इसलिए 1 जनवरी को आगरा किले के समक्ष उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
युवा और महिलाएं भी निभाएंगी भूमिका
युवा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि दोनों कार्यक्रमों में युवाओं की बड़ी भागीदारी रहेगी। महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष श्रीमती निर्मल चाहर एवं महानगर अध्यक्ष श्रीमती वंदना सिंह ने कहा कि महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी और रक्तदान में सहभागिता करेंगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख लोग
बैठक में जाट समाज समिति अध्यक्ष कैप्टन तेजवीर सिंह, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा, चौधरी नवल सिंह, महामंत्रीगण लोकेंद्र चौधरी, गौरव चौधरी, भूपेंद्र सिंह प्रधान, गंगाराम पैलवार, रणधीर सिंह काका, महिला प्रकोष्ठ महामंत्री श्रीमती रामवती देवी, सरोज चाहर, नेहा सोलंकी, युवा जाट महासभा जिला महामंत्री रणजीत सिंह चाहर, डॉ. मनोहर चाहर, सुभाष रावत, जगबीर सिंह पार्षद, कर्मवीर चाहर पार्षद, विष्णु चौधरी सरपंच, रामू चौधरी सरपंच, गोविंद चौधरी, इंद्रजीत चाहर, केशव चौधरी, सोनू सोलंकी, जगदीश चाहर, समर सिंह मलिक, धीरेंद्र नरवार, अजय नरवार सहित अनेक पदाधिकारी व समाजजन मौजूद रहे।