आगरा में संस्कार भारती की अखिल भारतीय बैठक, वंदे मातरम के 150 वर्ष और संत रविदास जयंती पर बड़े फैसले

आगरा। आगरा में संस्कार भारती की अखिल भारतीय प्रबंधकारिणी की दो दिवसीय बैठक ने देशभर की सांस्कृतिक दिशा और योजनाओं को नई गति दी। वंदे मातरम के 150 वर्ष और संत रविदास की 650वीं जयंती को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई, वहीं कला क्षेत्र में सीएसआर फंडिंग और योजनाओं में अनियमितताओं पर भी गंभीर मंथन हुआ।

Apr 14, 2026 - 19:43
 0
आगरा में संस्कार भारती की अखिल भारतीय बैठक, वंदे मातरम के 150 वर्ष और संत रविदास जयंती पर बड़े फैसले
संस्कार भारतीय की दो दिवसीय अखिल भारतीय प्रबंधकारिणी की बैठक में कॊफी टेबल बुक सौहार्द का विमोचन करते संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी।

बैठक में मौजूद संस्कार भारती के प्रतिनिधिगण। 

आगरा के एक होटल में 12 अप्रैल से आयोजित इस दो दिवसीय बैठक में देश के 11 क्षेत्रों से आए 49 वरिष्ठ पदाधिकारी और कला साधकों ने भाग लिया। बैठक में संगठन की वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत वृत्त निवेदन प्रस्तुत किया गया और आगामी योजनाओं पर गहन चर्चा हुई।

बैठक में सबसे अहम निर्णय वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विविध लोक कला शैलियों के माध्यम से वंदे मातरम की विशेष प्रस्तुतियां आयोजित करने का लिया गया। इसके साथ ही आगामी वर्ष में संत रविदास की 650वीं जन्मजयंती को समर्पित कार्यक्रमों की व्यापक योजना बनाई गई, जिससे देश की सांस्कृतिक चेतना को और सशक्त किया जा सके।

कला और संस्कृति के क्षेत्र में आर्थिक संसाधनों की भूमिका पर भी गंभीर चर्चा हुई। बैठक में सीएसआर निधि के प्रावधानों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और यह प्रस्ताव पारित किया गया कि कला क्षेत्र को भी सीएसआर फंडिंग में प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को आवश्यक सहयोग मिल सके।

बैठक में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित रिपोर्टरी ग्रांट योजना में सामने आई अनियमितताओं पर भी चिंता जताई गई। इस विषय पर विस्तृत चर्चा के बाद इन खामियों के निराकरण के लिए उचित कार्यवाही करने पर सहमति बनी।

बैठक की अध्यक्षता संस्कार भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष रवींद्र भारती ने की। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोक गायिका मालिनी अवस्थी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने पूरे समय बैठक में सहभागिता की।

इस अवसर पर एक विशेष उपलब्धि के रूप में सौहार्द नामक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। इसका विमोचन अखिल भारतीय महामंत्री और अंतरराष्ट्रीय सुरबहार वादक डॊ. अश्वनी एम दलवी, उपाध्यक्ष रविंद्र भारती, स्वांत रंजन, उपाध्यक्ष श्रीमती हेमलता एस मोहन, कला धरोहर प्रमुख ओजस हीरानी सिरानी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

बैठक के सफल आयोजन में ब्रज प्रांत के महामंत्री नंद नंदन गर्ग, महानगर अध्यक्ष आर्किटेक्ट राजीव द्विवेदी, महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल, सह कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, मंत्री श्याम तिवारी, दृश्य कला प्रमुख डॉ. आभा सिंह गुप्ता और मंत्री नीता गर्ग सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह बैठक केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने और कला को नई पहचान देने के संकल्प के साथ संपन्न हुई।

SP_Singh AURGURU Editor