अज्ञात मृतकों की आत्मा की शांति हेतु सर्वधर्म प्रार्थना, पुलिस ने दी सलामी, तड़के मुक्ति यात्रा
आगरा। कोई नाम न कोई पहचान, फिर भी हर आत्मा सम्मान की हकदार है। इसी भाव के साथ श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी ने रविवार को विद्युत शवदाहगृह परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की, जिसमें 2526 अज्ञात व असहाय मृतकों की आत्मा की शांति के लिए धर्मगुरुओं ने प्रार्थना की और पुलिस ने सलामी देकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
भव्य मुक्ति रथ पर सुसज्जित किए अस्थि कलश
सोमवार सुबह 4:30 बजे अस्थि विसर्जन यात्रा सौरों के लिए रवाना होगी। इसके लिए फूलों से सजे भव्य मुक्ति रथ को तैयार किया गया है, जिसमें अस्थि कलश सुसज्जित कर दिए गये हैं।
इस मुक्ति रथ पर अनेक धर्मगुरुओं और गणमान्य व्यक्तियों ने मृत आत्माओं को नमन किया, जिनमें, श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेशपुरी, माईथान गुरुद्वारा के हैड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह, नायब शहर काजी मौलाना मौ. उजेर आलम, फादर वर्गीज कुन्नाथ, भंते अशोक रत्न, जे.एस. राणा, वोधाचार्य, बुद्ध विहार), जहाज नाथ योगी (सोमनाथ धाम) और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल शामिल थे। सभी ने कहा कि अज्ञात मृतक किसी भी धर्म या समाज से जुड़ा हो सकता है, इसलिए इस कार्य में सबकी सहभागिता अनिवार्य है।
सेवा प्रकल्प अनूठा उदाहरण
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल ने बताया कि कमेटी द्वारा पिछले तीन वर्षों तक अज्ञात मृतकों की अस्थियां सुरक्षित रखी जाती हैं, ताकि सामूहिक रूप से उनका गंगा विसर्जन हो सके। यह सेवा कार्य समाज के लिए एक अनूठा उदाहरण है।
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने यात्रा मार्ग की जानकारी देते हुए बताया कि विसर्जन यात्रा सोमवार सुबह 4:30 बजे विद्युत शवदाहगृह से हाथीघाट, यमुना किनारा, वाटरवर्क्स होते हुए सौरो के लिए प्रस्थान करेगी।”
महिलाओं की आस्था और योगदान
अध्यक्ष अनिल जिंदल ने बताया कि अस्थि विसर्जन कार्यक्रम के प्रति समाज की महिलाओं की गहरी श्रद्धा झलकती है।
शनिवार की भजन संध्या में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल की धर्मपत्नी मधु बघेल ने स्पर्श चैरिटी क्लब की ओर से 50,000 रुपये की राशि बजाजा कमेटी को भेंट की।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की माताजी श्रीमती सत्यवती, विधायक योगेंद्र उपाध्याय की पत्नी प्रीति उपाध्याय, शगुन गर्ग और बबीता माथुर ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्ति रस में डुबो दिया।
कार्यक्रम संचालन संयोजक संजीव गुप्ता ने किया और अध्यक्ष अनिल जिंदल ने आभार व्यक्त किया। समाजसेवी बंटी ग्रोवर, आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डा. सुरेश गोयल, ओम टंडन, पूर्व महासचिव राजकुमार जैन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए।
आयोजन में विजय अग्रवाल, मनोज शर्मा, विष्णु गर्ग, मुकेश अग्रवाल और नंदकिशोर गोयल का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और महिला संगठनों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।
Top of Form
Bottom of Form