प्रधानाध्यापक पर अश्लील मैसेज, स्कूल में शराब और रिवॉल्वर लाने के आरोप साबित

आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग की महिला उत्पीड़न रोकथाम समिति ने एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के एक कम्पोजिट विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक बृज किशोर शर्मा उर्फ बंटी शर्मा पर लगे आरोपों को जांच में सही पाया है। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंप दी है, जिसमें कार्यवाहक प्रधानाध्यापक के खिलाफ कठोर कार्यवाही की संस्तुति की गई है।

May 3, 2025 - 18:15
 0
प्रधानाध्यापक पर अश्लील मैसेज, स्कूल में शराब और रिवॉल्वर लाने के आरोप साबित
एत्मादपुर क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय के प्रधानाध्यापक के बारे में बीएसए को जांच रिपोर्ट सौंपते जांच कमेटी के सदस्य।

-चार सदस्यीय जांच समिति ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपी रिपोर्ट, की गई कड़ी कार्रवाई की सिफारिश

-महिला शिक्षिकाओं के बयान- गलत टिप्पणी करते हैं, पुरुष शिक्षकों के साथ नाम जोड़कर बदनाम किया गया

इस मामले की जांच करने वाली समिति में सपना सिंह, डॊ. महेश कांत शर्मा, चाइल्ड राइट्स एक्टिविस्ट नरेश पारस और कल्पना कुमारी शामिल थे। यह मामला तब सुर्खियों में आया था जब थाना बरहन में एक शिकायत आई जिसमें कहा गया कि कम्पोजिट विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक ने स्कूल के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की बेटी को मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजे हैं।

समिति ने इस मामले में सभी पक्षों से बातचीत करने के बाद अपनी जांच रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के अनुसार विगत 14 अप्रैल को कार्यवाहक प्रधानाध्यापक बृज किशोर शर्मा ने स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की पुत्री को व्हाटसएप पर अश्लील मैसेज भेजे। 17 अप्रैल को कर्मचारी के पुत्र ने थाना बरहन में इसके खिलाफ तहरीर दी, लेकिन अगले ही दिन यह तहरीर यह कहते हुए वापस ले ली कि अब वे कार्रवाई नहीं चाहते क्योंकि आरोपी ने पीड़िता की मां, पिता और भाई के पैर छूकर माफी मांग ली गई थी। यह भी वायदा किया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी।

जांच समिति ने कार्यवाहक प्रधानाध्यापक बृज किशोर शर्मा के भी बयान दर्ज किये गये, जिसमें उन्होंने कर्मचारी की बेटी को अश्लील मैसेज भेजने की बात स्वीकार की और कहा कि शराब के नशे में उससे यह भूल हुई। उनके द्वारा माफी मांग लिये जाने के बावजूद कुछ लोगों ने साजिश कर उनके खिलाफ थाने में तहरीर दिलवा दी गई थी। प्रधानाध्यापक ने रिवाल्वर लेकर स्कूल आने की बात पर कहा कि वह अपनी सुरक्षा के लिए स्कूल में रिवाल्वर लेकर आते हैं।

समिति ने थाना बरहन में जाकर भी जांच की गई। बरहन पुलिस ने अवगत कराया कि पीड़िता के भाई ने तहरीर दी थी, लेकिन बाद में वापस ले लिए जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इस विद्यालय की कुछ शिक्षिकाओँ ने लिखित में प्रधानाध्यापक के खिलाफ शिकायत समिति को दी। इन शिक्षिकाओं का कहना है कि बृज किशोर शर्मा गलत गतिविधियों में लिप्त हैं। विद्यालय परिसर में ही असामाजिक तत्वों के साथ बैठ कर शराब का सेवन करते हैं। महिला शिक्षकों पर गलत टीका टिप्पणी करते हैं। बच्चों क स्वयं के मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाते हैं। इससे स्कूल की बालिकाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। इन्हीं हरकतों की वजह से विद्यालय के नामांकन में भारी गिरावट आई है।

महिला शिक्षिकाओं ने समिति को बताया कि उनके नाम पुरुष शिक्षकों के साथ जोड़कर स्कूल में पोस्टर चस्पा किये गये। स्कूल समय से लेकर छुट्टी तक प्रधानाध्यापक नीम के पेड़ के नीचे बैठकर बीआरसी के लोगों को बैठाकर शराब का सेवन कराते हैं। शिक्षिकाओं ने यह भी अवगत कराया कि बृज किशोर शर्मा को गलत तरीके से प्रधानाध्यापक का चार्ज दिया गया है क्योंकि इनसे वरिष्ठ शिक्षिका स्कूल में मौजूद है। बृज किशोर शर्मा स्कूल में रिवाल्वर के साथ आते हैं, जिससे सभी में भय का माहौल रहता है। भोजन माताओं से भी अभद्रता की जाती है।

समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में कहा है कि प्रधानाध्यापक बृज किशोर शराब पीने के बाद शिक्षिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां करते हैं। लड़कियों और भोजन माताओं से अभद्र भाषा में बात करते हैं। विद्यालय की कुछ शिक्षिकाओं द्वारा उपस्थिति रजिस्टर पर 21 अप्रैल को जानबूझकर एडवांस हस्ताक्षर किये गये। इन सभी के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए। समिति ने कार्यवाहक प्रधानाध्यापक के कृत्यों को दंडनीय अपराध मानते हुए इनके खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की सिफारिश की है।

SP_Singh AURGURU Editor