सुरविद्या सीजन-2 के विजेता बने मध्य प्रदेश के अमन जैन

आगरा। जिनवाणी चैनल द्वारा आयोजित वंडर सीमेंट सुरविद्या सीजन 2 के विजेता मध्य प्रदेश के अमन जैन रहे। फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे जैन, विक्की जैन और आज तक चैनल के सीनियर एंकर सईद अंसारी ने जैसे ही विजेता की घोषणा की तो पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

Mar 27, 2025 - 22:19
 0
सुरविद्या सीजन-2 के विजेता बने मध्य प्रदेश के अमन जैन

गुवाहाटी के आनंद और रत्न प्रभा जैन को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 

एमडी जैन के मैदान में आयोजित किया गया सुरविद्या का ग्रैंड फिनाले 

सुर विद्या सीजन-2 का भव्य ग्रैंड फिनाले आगरा के एमडी जैन ग्राउंड में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में देशभर से चुने गए टॉप 6 भजन गायकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने के लिए महाभारत फेम अभिनेता सौरभ राज जैन, रीऐलिटी शोज़ की स्मार्ट जोड़ी विक्की जैन एवं अंकिता लोखंडे जैन और आज तक चैनल के सीनियर एंकर एवं एक्जीक्यूटिव एडिटर सईद अंसारी भी पहुंचे। इसके अलावा आरके ग्रुप की सुशीला पाटनी अपने परिवार सहित मुख्य अतिथि के रूप में रहीं। मंच संचालन विशिष्ट अतिथि एंकर मनोज बांकलीवाल ने किया। 

 

कार्यक्रम के दौरान तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सुरेशचंद जैन के साथ देश भर से आए सभी पुण्यार्जकों एवं गणमान्य अतिथियों का भव्य सम्मान किया गया और गुवाहाटी से आए आनंद कुमार जैन और रत्नप्रभा जैन को "लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड" से सम्मानित किया गया।

 

वंडर सीमेंट सुरविद्या सीजन 2 के कई चरणों को पार कर मैहर (मध्य प्रदेश) के अमन जैन ने सुर विद्या सीजन 2 का ताज अपने नाम किया। उनकी इस शानदार जीत की घोषणा मंच से अंकिता लोखंडे जैन, विक्की जैन, सईद अंसारी और मुख्य अतिथि सुशीला पाटनी ने की। अमन को दिगम्बर परंपरा में आचार्य के 36 मूल गुणों को दर्शाती भव्य ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई।

 

अमन जैन ने विजेता बनने के बाद जिनवाणी चैनल, अपने गुरु और प्रभु को धन्यवाद दिया और अपनी यह जीत अपने पिता को समर्पित की। प्रतियोगिता में अहिंसा जैन फर्स्ट रनर-अप और दिशि जैन सेकंड रनर-अप बनीं, जिन्हें क्रमशः एक लाख रुपये और इक्यावन हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा प्रखर, मान्या और धनश्री प्रत्येक को 21 हज़ार रुपए के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 

 

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिनवाणी चैनल के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज जैन ने सभी विजेताओं को शुभकामनाए प्रदान कीं। 

वंडर सीमेंट सुरविद्या सीजन 2 का यह ग्रैन्ड फिनाले पूरे जैन समाज के लिए गर्व का क्षण बन गया। जब हजारों दर्शकों की मौजूदगी में जिनवाणी चैनल के इस आयोजन ने भजन गायन की कला को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी और इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बना दिया।