आंबेडकर विवि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाएगा सेवा पखवाड़ा, जुड़ेंगे छात्र-शिक्षक
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगा। इस दौरान सफाई अभियान, साक्षरता रैली, नशा उन्मूलन जागरूकता, मातृ सम्मेलन, रक्तदान शिविर और खेलकूद जैसे विविध कार्यक्रम होंगे। कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों व शिक्षकों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
बैठक में बनी कार्ययोजना
शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद परिसर (खंदारी) स्थित गेस्ट हाउस में कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुलसचिव अजय मिश्रा ने कार्यवाही संपन्न कराई। इसमें विभिन्न संकायों के वरिष्ठ पदाधिकारी, निदेशक, प्रोफेसर, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई और अंतिम कार्ययोजना तय हुई।
पखवारे में होने वाले कार्यक्रमों की झलक
17 सितंबर: सभी संस्थानों में सफाई अभियान।
18 सितंबर: ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी व स्वास्थ्य जागरूकता।
19 सितंबर: साक्षरता साइकिल रैली।
20 सितंबर: नशा उन्मूलन अभियान।
26 सितंबर: मातृ सम्मेलन।
27 सितंबर: बापू बाजार।
28 सितंबर: रक्तदान शिविर व वृद्धाश्रम सेवा।
29-30 सितंबर: खेलकूद प्रतियोगिताएं और हुनर हाट।
2 अक्टूबर: गांधी जयंती पर सफाई कर्मियों का सम्मान समारोह।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी मुहिम
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नशा मुक्ति रैली, भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता, युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर और सेवा संबंधी कार्यक्रम न केवल विवि परिसर में बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी होंगे। धर्मगुरुओं के प्रवचन और अन्य राज्यों का भ्रमण भी प्रस्तावित है।
कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा छात्रों और अध्यापकों में समाजहित के प्रति जागरूकता और कर्तव्य भावना का विस्तार करेगा। विवि प्रशासन चाहता है कि सभी संस्थान सक्रिय भागीदारी करें, ताकि यह आयोजन एक मिसाल बने।