हेराल्ड स्क्वायर की रौनक, टाइम्स स्क्वायर की जगमगाती दुनिया और ब्रॉडवे की धड़कन के बीच न्यूयॉर्क की सड़कों पर जिंदगी का ऐसा अनोखा अंदाज, जिसने सात समंदर पार की यादों को हमेशा के लिए खास बना दिया
न्यूयॉर्क की इस यात्रा में बाजारों की चकाचौंध, सड़कों की बेफिक्री और लोगों की जीवनशैली के साथ एक ऐसा दृश्य भी जुड़ गया, जिसने मन को भीतर तक छुआ। टाइम्स स्क्वायर की रोशनियों के बीच मां दुर्गा के जयकारों ने एहसास कराया कि भौगोलिक दूरियां संस्कृति और आस्था के रिश्तों को कमजोर नहीं कर सकतीं। न्यूयॉर्क की चमक आंखों में रह गई, लेकिन अपनेपन का यह अहसास दिल में उतर गया।
-न्यूयॊर्क से एसपी सिंह-
न्यूयॊर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर को फिल्मों, तस्वीरों और खबरों में बहुत देखा था। गगनचुंबी इमारतें, आसमान को रोशन करते विज्ञापन, दुनिया भर से आए लोगों की भीड़ और चौबीसों घंटे सक्रिय रहने वाले बाजारों की छवियां मन में पहले से थीं। लेकिन जब पहली बार हेराल्ड स्क्वायर और टाइम्स स्क्वायर की सड़कों पर घूमने का अवसर मिला तो महसूस हुआ कि किसी शहर को तस्वीरों में देखना और उसके बीच खड़े होकर उसकी धड़कन महसूस करना दो बिल्कुल अलग अनुभव हैं।
न्यूयॉर्क के इस हिस्से में आधुनिकता केवल इमारतों की ऊंचाई और बाजारों की चमक में नहीं दिखती। यहां सड़कें भी शहर की कहानी कहती हैं, सार्वजनिक स्थान लोगों की जीवनशैली का परिचय देते हैं और अनजान चेहरों के बीच हर व्यक्ति अपनी दुनिया में मगन दिखाई देता है। सबसे सुखद अनुभव यह रहा कि इतनी भीड़ और हलचल के बीच भी लोग अपनी राह चलते, खरीदारी करते, संगीत का आनंद लेते और अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
हेराल्ड स्क्वायर: जहां बाजार के साथ इतिहास भी खड़ा है

हेराल्ड स्क्वायर में स्थित एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की एक झलक।
हेराल्ड स्क्वायर पहुंचते ही सबसे पहले आसपास की विशाल इमारतें और सड़कों पर लोगों की लगातार आवाजाही ध्यान खींचती है। मैनहट्टन के मिडटाउन इलाके में स्थित यह स्थान ब्रॉडवे, सिक्स्थ एवेन्यू और 34वीं-35वीं स्ट्रीट के आसपास फैला है। यहां की पहचान केवल व्यावसायिक गतिविधियों से नहीं, बल्कि उस इतिहास से भी जुड़ी है, जिसने न्यूयॉर्क को आधुनिक महानगर बनाने में भूमिका निभाई। हेराल्ड स्क्वायर का नाम कभी यहां प्रकाशित होने वाले अखबार न्यूयॉर्क हेराल्ड के नाम पर पड़ा था। आज भी इस चौक के स्मारक में अखबार के संस्थापक जेम्स गॉर्डन बेनेट और उनके बेटे की याद जुड़ी हुई है।

हेराल्ड स्क्वायर की एक और झलक।
इस इलाके का सबसे बड़ा आकर्षण मैसीज का विशाल स्टोर है। मैसीज हेराल्ड स्क्वायर की इमारत 1902 में खुली थी और समय के साथ न्यूयॉर्क की प्रमुख व्यावसायिक पहचान बन गई। इसका आकार, कई मंजिलों में फैला खरीदारी का संसार और लंबे समय से शहर की जीवनशैली से जुड़ाव इसे साधारण डिपार्टमेंटल स्टोर से कहीं अधिक खास बनाते हैं। मैसीज की पहचान उसकी सालाना थैंक्सगिविंग परेड से भी है, जो अमेरिकी उत्सव संस्कृति का बड़ा हिस्सा बन चुकी है।
मैसीज और एचएंडएम जैसे स्टोर्स में घूमते हुए आधुनिक खरीदारी संस्कृति का भव्य रूप देखने को मिला। सलीके से सजे उत्पाद, कपड़ों की विविधता, आकर्षक सजावट और खरीदारी में व्यस्त लोगों की भीड़ यह बताती है कि यहां बाजार केवल सामान खरीदने की जगह नहीं, बल्कि शहर के सार्वजनिक जीवन का भी अहम हिस्सा हैं।
इतनी बड़ी दुकानों में घूमते हुए यह भी महसूस हुआ कि न्यूयॉर्क की व्यावसायिक दुनिया का पैमाना अलग है। यहां खरीदारी के लिए आने वाले लोग केवल स्थानीय निवासी नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पर्यटक भी हैं। हर कोई अपनी जरूरत, पसंद और बजट के हिसाब से खरीदारी में जुटा है।
हेराल्ड स्क्वायर के आसपास की सड़कों पर चलते हुए एक बात लगातार ध्यान खींचती रही। लोगों की आवाजाही तेज है, लेकिन हर कोई दूसरे के लिए जगह छोड़कर आगे बढ़ता दिखाई देता है। यहां की व्यस्तता के बीच यह सहज व्यवहार शहर की रोजमर्रा की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा लगता है।
टाइम्स स्क्वायर: रोशनी, विज्ञापन और दुनिया भर की निगाहें

हेराल्ड स्क्वायर से टाइम्स स्क्वायर की ओर बढ़ने पर न्यूयॉर्क की एक दूसरी तस्वीर सामने आती है। यहां पहुंचकर लगता है कि शहर ने अपनी पूरी ऊर्जा एक जगह समेट दी है। ऊंची इमारतों पर लगे विशाल डिजिटल स्क्रीन, लगातार बदलते विज्ञापन, रंग-बिरंगी रोशनियां और हर तरफ फैली हलचल इस स्थान को दुनिया के सबसे पहचाने जाने वाले शहरी दृश्यों में शामिल करती हैं।
टाइम्स स्क्वायर की पहचान भी अपने आप में दिलचस्प है। इसे पहले लॉन्गएकर स्क्वायर कहा जाता था। 1904 में द न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार के नए मुख्यालय के निर्माण के दौरान इसका नाम टाइम्स स्क्वायर पड़ा। अखबार ने 1905 में यहां अपनी नई इमारत में काम शुरू किया। इसी इमारत से जुड़ी परंपरा आगे चलकर नए साल की पूर्व संध्या पर होने वाले प्रसिद्ध बॉल-ड्रॉप समारोह की पहचान बनी, जब हजारों लोग नए साल का स्वागत करने के लिए यहां एकत्र होते हैं।
यह इतिहास जानने के बाद टाइम्स स्क्वायर की चमक को देखने का नजरिया और दिलचस्प हो जाता है। जिस जगह को आज विशाल विज्ञापनों और पर्यटकों की भीड़ के लिए पहचाना जाता है, उसकी पहचान एक अखबार के मुख्यालय से शुरू हुई थी। समय के साथ यह इलाका मनोरंजन, पर्यटन, कारोबार और ब्रॉडवे थिएटर जगत का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
टाइम्स स्क्वायर के आसपास ब्रॉडवे के प्रसिद्ध थिएटर्स का क्षेत्र है। संगीत, नाटक और बड़े मंचीय प्रदर्शनों के लिए दुनिया भर में पहचाना जाने वाला यह इलाका न्यूयॉर्क को सांस्कृतिक पहचान भी देता है। यहां आने वाले बहुत से लोग केवल विज्ञापनों और रोशनियों को देखने नहीं, बल्कि ब्रॉडवे के किसी शो का अनुभव लेने भी पहुंचते हैं।
टाइम्स स्क्वायर की एक और खासियत इसकी सार्वजनिक जगहें हैं। ब्रॉडवे के 41वीं से 47वीं स्ट्रीट के बीच कई हिस्सों को पैदल चलने वालों के लिए प्लाजा के रूप में विकसित किया गया है। इससे लोगों को सड़क के बीच बने खुले स्थानों पर रुकने, बैठने और आसपास के दृश्य देखने का अवसर मिलता है। यहां भीड़ का बड़ा हिस्सा इन्हीं सार्वजनिक स्थानों पर तस्वीरें खिंचवाता और शहर की हलचल को निहारता दिखाई देता है।
हर तरफ अपनी मस्ती में डूबे लोग
टाइम्स स्क्वायर की असली जीवंतता केवल उसकी रोशनियों में नहीं, बल्कि वहां मौजूद लोगों में दिखाई देती है। कोई परिवार के साथ घूम रहा था तो कोई दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहा था। कोई विशाल स्क्रीन पर बदलते विज्ञापनों को देखकर आश्चर्य से ऊपर निहारता दिखा।
सड़क के एक किनारे कुछ लोग फुटबॉल खेलते नजर आए। दूसरी ओर ड्रम की थाप सुनाई दी। कहीं कोई अकेला कलाकार अपनी प्रस्तुति से राहगीरों का ध्यान खींच रहा था। इन दृश्यों को देखकर लगा कि न्यूयॉर्क की तेज रफ्तार जिंदगी में भी लोगों ने अपने आनंद और अभिव्यक्ति के लिए जगह बना रखी है।
यहां सड़क का एक कोना भी कलाकार का मंच बन सकता है। संगीत और कला का आनंद लेने के लिए किसी औपचारिक सभागार में जाना जरूरी नहीं। गुजरते लोग कुछ पल रुकते हैं, प्रस्तुति देखते हैं और फिर अपनी राह बढ़ जाते हैं। कलाकार अपनी कला में मगन रहता है और दर्शक अपने समय के हिसाब से उसका आनंद लेते हैं।
इस दृश्य में शहर की बहुलता भी नजर आती है। अलग-अलग भाषा, पहनावे और संस्कृति के लोग एक ही सार्वजनिक स्थान पर मौजूद हैं। किसी की दिलचस्पी संगीत में है, कोई खेल देख रहा है, तो कोई इस मशहूर जगह की यादें कैमरे में कैद कर रहा है। सबकी अपनी दुनिया है, फिर भी सब एक ही जगह को साझा कर रहे हैं।
आइसक्रीम की कतार ने भी दिया अनुशासन का संदेश
घूमते-घूमते आइसक्रीम की एक दुकान पर पहुंचे। वहां लंबी कतार लगी हुई थी। इतने सारे लोगों को आइसक्रीम के लिए इंतजार करते देखना अपने आप में दिलचस्प था। लेकिन उससे भी ज्यादा ध्यान खींचने वाली बात यह थी कि लोग बिना धक्का-मुक्की किए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थल पर इस तरह कतार में खड़े लोगों को देखना एक छोटा-सा, लेकिन याद रह जाने वाला अनुभव था। किसी ने आगे निकलने की जल्दबाजी नहीं दिखाई। लोग अपने से आगे खड़े व्यक्ति की बारी का इंतजार करते दिखे।
इस दृश्य ने फिर ध्यान दिलाया कि सार्वजनिक स्थानों की सहजता केवल प्रशासनिक व्यवस्था से नहीं बनती। लोगों का व्यवहार भी उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब हर व्यक्ति दूसरों के अधिकार और सुविधा का ध्यान रखता है तो भीड़ भी परेशानी के बजाय साझा अनुभव बन सकती है।
चकाचौंध के बीच मां दुर्गा के दर्शन ने गर्व से भर दिया मन

टाइम्स स्क्वायर पर नवरात्रि के मौके पर सजा मां दुर्गा का पंडाल।
टाइम्स स्क्वायर की जगमगाती दुनिया में घूमते हुए सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया- नवरात्रि के पहले दिन भारतीय समुदाय की ओर से सजाया गया मां दुर्गा का पंडाल।
एक तरफ विशाल डिजिटल स्क्रीन, चमकते विज्ञापन, गगनचुंबी इमारतें और दुनिया भर के ब्रांडों की मौजूदगी थी। दूसरी ओर मां दुर्गा की प्रतिमा, पूजा-अर्चना और परम्परागत परिधानों में भारतीय श्रद्धालुओं की भक्ति। आधुनिक महानगर के बीच यह दृश्य अपने आप में अनूठा था।
विदेशी धरती पर मां दुर्गा के दर्शन करना और भारतीय समुदाय को पूरे उत्साह से नवरात्रि मनाते देखना मन को भावनात्मक खुशी से भर गया। कुछ क्षणों के लिए ऐसा लगा मानो भारत का एक छोटा-सा संसार सात समंदर पार बस गया हो। पूजा में शामिल लोगों के चेहरों पर श्रद्धा और उत्साह था। उनके लिए यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहने का अवसर भी था।
इस दृश्य का एक और पहलू खास लगा। कुछ विदेशी नागरिक नवरात्रि और मां दुर्गा की पूजा के बारे में जिज्ञासा से जानकारी लेते दिखाई दिए। भारतीय परंपरा को समझने की उनकी उत्सुकता देखकर अच्छा लगा। किसी दूसरे देश में अपने त्योहार को लेकर लोगों की दिलचस्पी देखना सुखद अनुभव था।
मैनहट्टन की व्यस्तता में बसते हैं शहर के कई रूप
हेराल्ड स्क्वायर और टाइम्स स्क्वायर, दोनों मैनहट्टन के मिडटाउन इलाके में स्थित हैं। मैनहट्टन न्यूयॉर्क के उन हिस्सों में है, जिनकी पहचान ऊंची इमारतों, व्यावसायिक केंद्रों, थिएटरों, पर्यटन स्थलों और व्यस्त सार्वजनिक जीवन से बनती है।
यहां की भव्यता को समझने के लिए केवल इमारतों को देखना पर्याप्त नहीं। सड़क पर चलते लोग, खरीदारी में व्यस्त परिवार, कलाकारों की प्रस्तुतियां, दुकानों के बाहर लगी कतारें और सार्वजनिक स्थानों पर अलग-अलग संस्कृतियों की मौजूदगी भी शहर की पहचान का हिस्सा हैं।
न्यूयॉर्क के इसी मैनहट्टन इलाके के दक्षिणी हिस्से में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर परिसर और 9/11 स्मारक स्थित हैं। वे अमेरिका के इतिहास की एक दुखद घटना की याद दिलाते हैं। हालांकि, हेराल्ड स्क्वायर और टाइम्स स्क्वायर की यात्रा का अनुभव अलग है। यहां बाजार, पर्यटन, मनोरंजन और सार्वजनिक जीवन की चहल-पहल प्रमुखता से दिखाई देती है।
इन स्थानों को देखकर समझ में आता है कि किसी महानगर की पहचान एक ही तस्वीर में नहीं समेटी जा सकती। यहां कारोबार की भव्यता है, कला और मनोरंजन की दुनिया है, इतिहास की स्मृतियां हैं और दुनिया भर से आए लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी भी है।