आगरा में पैतृक संपत्ति विवाद ने लिया आपराधिक रूप, कूटरचित दस्तावेजों के आरोप में बहन-बहनोई पर मुकदमा दर्ज

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में एक पैतृक संपत्ति को लेकर वर्षों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में तब्दील हो गया है। अनुराग वशिष्ठ की शिकायत पर उनकी बहन अर्चना वशिष्ठ, बहनोई राजेश दत्त शर्मा और दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ फर्जी वसीयत, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने तथा धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Dec 13, 2025 - 10:42
 0
आगरा में पैतृक संपत्ति विवाद ने लिया आपराधिक रूप, कूटरचित दस्तावेजों के आरोप में बहन-बहनोई पर मुकदमा दर्ज
इमेज फोटो

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में एक  पैतृक संपत्ति को लेकर वर्षों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में तब्दील हो गया है। अनुराग वशिष्ठ की शिकायत पर उनकी बहन अर्चना वशिष्ठ, बहनोई राजेश दत्त शर्मा और दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ फर्जी वसीयत, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने तथा धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार अनुराग वशिष्ठ के पिता स्वर्गीय युवराज सिंह वशिष्ठ मकान संख्या 2/200-ए और 2/200-1 के एकमात्र और निर्विवाद मालिक थे। लंबी बीमारी के बाद 1 सितंबर 2024 को उनका निधन हो गया। आरोप है कि बीमारी के दौरान उनकी बहन अर्चना वशिष्ठ और बहनोई राजेश दत्त शर्मा इलाज के बहाने उन्हें बार-बार बाहर ले जाते थे। इसी अवधि में उन्होंने 10 फरवरी 2023 को कथित रूप से बहला-फुसलाकर आगरा सदर तहसील में अपने पक्ष में पावर ऑफ अटॉर्नी और वसीयत पंजीकृत करा ली।

जब इस पूरे प्रकरण की जानकारी परिवार को हुई तो स्व. युवराज सिंह वशिष्ठ ने 3 मई 2023 को विधिवत पंजीकृत दस्तावेज के माध्यम से उक्त पावर ऑफ अटॉर्नी और वसीयत को निरस्त कर दिया। इसके बाद 22 मई 2023 को उन्होंने अपने दोनों नातियों के नाम अंतिम और वैध पंजीकृत वसीयत कर दी।

इसके बावजूद आरोप है कि बहन-बहनोई ने संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से दो फर्जी और अपंजीकृत वसीयतें तैयार कराईं। इन वसीयतों की तारीखें 24 जून 2023 और 26 अगस्त 2024 दर्शाई गई हैं, जिनमें स्व. युवराज सिंह वशिष्ठ के कूटरचित हस्ताक्षर बनाए गए। इन दस्तावेजों को तैयार कराने में हर्ष कोहली और हरीश चंद्र कोहली की भूमिका बताई गई है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए शिकायत में यह भी कहा गया है कि 26 अगस्त 2024 की कथित वसीयत का मसौदा एक अधिवक्ता के नाम से लिखा होना दर्शाया गया, जबकि संबंधित अधिवक्ता ने शपथपत्र देकर स्पष्ट किया है कि उक्त दस्तावेज उनके द्वारा न तो लिखा गया और न ही तैयार किया गया।

अनुराग वशिष्ठ का आरोप है कि इन फर्जी वसीयतों के सहारे संपत्ति को विवादित बताकर उन्हें घर से बेदखल करने का दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही समझौते के नाम पर अवैध रूप से चौथ मांगने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां भी दी जा रहीं हैं।  लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि पंजीकृत और अपंजीकृत सभी दस्तावेजों, हस्ताक्षरों तथा शपथपत्रों की विधिक जांच कराई जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।