आगरा में इनर रिंग रोड पर पशु क्रूरता का खुलासा: ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं भैसें, गोरक्षा दल और करणी सेना ने किया हंगामा, पुलिस जांच में जुटी
आगरा। इनर रिंग रोड पर स्थित रहनकला टोल प्लाजा उस समय हंगामे का केंद्र बन गया, जब गोरक्षा दल और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने एक संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और ट्रक रुकवाकर जांच की मांग करने लगे। मामला थाना एत्मादपुर क्षेत्र की छलेसर चौकी के अंतर्गत आने वाले टोल प्लाजा का है।
कार्यकर्ताओं को शक था कि ट्रक में अवैध रूप से गायों की तस्करी की जा रही है। ट्रक की तलाशी लेने पर गाय तो नहीं मिलीं, लेकिन ठूंस-ठूंसकर भरी गईं कई भैंसें देखकर सभी हैरान रह गए। बताया गया कि ट्रक में भैंसों को बेहद क्रूर तरीके से भरा गया था, जिससे कई भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और उनके शरीर से खून बह रहा था।
जानकारी के अनुसार यह ट्रक फतेहाबाद से छलेसर स्थित कट्टीखाने की ओर जा रहा था। भैंसों की हालत देखकर गोरक्षा दल और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पशु क्रूरता का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया और सड़क पर हंगामा खड़ा हो गया। टोल प्लाजा पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। गोरक्षकों की ओर से पशु क्रूरता अधिनियम के तहत लिखित तहरीर भी पुलिस को सौंपी गई है। विहिप गौरक्षा विभाग के रमाकांत और अनिरुद्ध तोमर द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि इन पशुओं को बगैर वैध कागजात के मोनू तोमर, शहबाज खान, रियान खान और जावेद ले जा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक के कागजात, परमिट और पशु परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं घायल भैंसों के उपचार और देखरेख को लेकर भी पशुपालन विभाग से संपर्क किया गया है।