अन्नामलाई हुए भाजपा से अलग, नितिन नबीन को सौंपा इस्तीफा, शाम 4 बजे अमित शाह से मिलने पर फाइनल फैसला
तमिलनाडु में भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के दौरान अपना इस्तीफा सौंपा। हालांकि उनके इस्तीफे पर अभी फाइनल फैसला नहीं हुआ है। आज शाम 4 बजे अन्नामलाई की अमित शाह से मुलाकात होगी। इसके बाद तस्वीर साफ होगी।
नई दिल्ली। तमिलनाडु में भाजपा के फायरब्रांड नेता अन्नामलाई ने बड़ा फैसला ले लिया है। अन्नामलाई ने सस्पेंस से पर्दा हटाते हुए भाजपा से अलग होने का मन बना ही लिया है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रमुख के. अन्नामलाई ने आज यानी मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया। हालांकि उम्मीद है कि वे शाम 4 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे। अमित शाह से मुलाकात में ही फाइनल फैसला हो पाएगा।
भाजपा चीफ नितिन नबीन और संगठन सचिव बीएल संतोष के साथ अहम बैठक में अन्नामलाई ने कथित तौर पर पार्टी से अच्छे संबंधों के साथ अलग होने की इच्छा जताई। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से कहा कि वे अब अपना रास्ता खुद बनाना चाहते हैं। हालांकि, बीजेपी नेतृत्व उन्हें मनाने की कोशिश कर रहा है और उनके लिए राष्ट्रीय स्तर पर कोई भूमिका भी तय की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई को अगली सूचना तक दिल्ली न छोड़ने के लिए कहा गया है। पहले बताया गया था कि उन्हें राज्यसभा में भेजने का पार्टी ने मन बनाया है, जिसे उन्होंने स्वीकार भी कर लिया था।
अगर अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर होता है तो यह भाजपा के लिए बड़ा झटका होगा। बीजेपी से अन्नामलाई का जाना राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। खासकर अभिनेता से नेता बने विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद। अन्नामलाई के करीबी सूत्रों के मुताबिक, उनका मानना है कि विजय के राजनीतिक ताकत बनने के बाद तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। आज विजय से लड़ने के लिए कोई नेता नहीं है। द्रविड़ युग खत्म हो गया है। अब सिर्फ भाषा आधारित राजनीति नहीं चलेगी। राज्य की राजनीति बदल चुकी है।’
ऐसी अटकलें पहले से ही तेज थीं कि अन्नामलाई सहमति से पार्टी छोड़ना चाहते हैं। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि अब वे बीजेपी में अपना भविष्य नहीं देख रहे हैं। अन्नामलाई को नैनार नागेन्द्रन के तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख बनने के बाद से कम सक्रिय देखा जा रहा था। गौरतलब है कि तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर बीते कुछ दिनों से अटकलों का बाजार गर्म है।
दरअसल कोयंबटूर में उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए विशाल पोस्टरों से अफवाहें फैल रही हैं कि वे एक अलग राजनीतिक मंच बनाने जैसी कोई महत्वपूर्ण राजनीतिक पहल करने की तैयारी कर रहे हैं। 4 जून को अन्नामलाई के जन्मदिन से पहले प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर ‘हमारे नेता, आइए और हमारा नेतृत्व कीजिए’ जैसे नारों वाले ये पोस्टर लगाए गए थे।
दिल्ली रवाना होने से पहले अन्नामलाई ने अपने बारे में चल रही अटकलों पर विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि कृपया प्रतीक्षा करें। हम दो दिन में बैठकर बात करेंगे। इस टिप्पणी ने संभावित घोषणा को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।