आगरा के जैन मंदिर में वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, प्रभु शीतलनाथ की आराधना में उमड़े भक्त

आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर का वातावरण आज उस समय भक्तिमय हो उठा, जब वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव में श्रद्धालुओं ने प्रभु का कलशाभिषेक कर धर्मलाभ प्राप्त किया। जयकारों, संगीतमय आरती और धार्मिक आयोजनों के बीच मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Sep 13, 2025 - 21:42
 0
आगरा के जैन मंदिर में वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव, प्रभु शीतलनाथ की आराधना में उमड़े भक्त
गुदड़ी मंसूर खां स्थित जैन मंदिर में शनिवार को कलशाभिषेक का एक दृश्य।

परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीजी के नित्य नियम पूजन से किया गया। इसके बाद पंडित रविंद्र जैन शास्त्री के निर्देशन में उपस्थित इंद्रों ने श्रीजी की प्रतिमा को पांडुक शिला पर विराजमान कराया और स्वर्ण कलशों से अभिषेक की मांगलिक क्रियाएं संपन्न कीं। पूरे मंदिर परिसर में प्रभु शीतलनाथ के जयकारों की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो गया।

शाम 7 बजे संगीतमय कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभु शीतलनाथ की 108 दीपकों से मंगल आरती संपन्न हुई। इसके साथ ही धार्मिक तंबोला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महोत्सव में नरेश जैन, राकेश पार्षद, सुभाष जैन, वीरेंद्र जैन, जितेंद्र जैन, देवेंद्र जैन, अशोक जैन, प्रमोद जैन, धर्मेश जैन, प्रवेश जैन, फकीरचंद जैन, सुमन जैन, सुशीला जैन, मिथिलेश जैन, अल्पना जैन सहित समस्त गुदड़ी मंसूर खां और आसपास की शैलियों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने प्रभु की आराधना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor