आगरा में एक और एनकाउंटरः 28 मुकदमों वाला बदमाश मांगेलाल पुलिस की गोली से घायल

आगरा,। थाना ताजगंज क्षेत्र के देवरी-रोहता मार्ग पर गुरुवार-शुक्रवार की रात पुलिस और वांछित अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे घायल अवस्था में एस.एन. मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

May 16, 2025 - 08:33
 0
आगरा में एक और एनकाउंटरः 28 मुकदमों वाला बदमाश मांगेलाल पुलिस की गोली से घायल
आगरा के ताजगंज थाने की पुलिस के साथ एनकाउंटर में घायल बदमाश मांगेलाल पुलिस के कब्जे में।  

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वांछित अपराधी देवरी और रोहता के बीच क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना मिलते ही ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश मांगेलाल पुत्र ऐदल सिंह, निवासी कोलक्खा, घायल हो गया।

घटनास्थल से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक छीना गया मोबाइल फोन और कुछ नकदी बरामद की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मांगेलाल पर लूट, छिनैती और अवैध हथियार जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े कुल 28 मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल घायल बदमाश का इलाज चल रहा है और मामले की विवेचना जारी है।

पिछले कई दिन से आगरा के किसी न किसी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो रही है, जिसमें बदमाश न केवल पकड़े जा रहे हैं अपितु पुलिस की गोली से घायल भी हो रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor