अर्जुन नगर गेट से बदली आगरा सिविल एयरपोर्ट की तस्वीर, ट्रांजिट लाउंज तक कवर्ड पाथ-वे बनाया गया, क्षमता से छह गुना उपयोग हो रहा खेरिया एयरपोर्ट

अर्जुन नगर गेट से सिविल एयरपोर्ट की ट्रांजिट लाउंज तक बने नए कवर्ड पाथ-वे ने हवाई यात्रियों के आवागमन को आसान और सुरक्षित बना दिया है। बारिश और तेज धूप से राहत देने वाला यह रास्ता सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि आगरा सिविल एयरपोर्ट के बढ़ते कद और बढ़ते भरोसे का प्रतीक बन गया है। सीमित उड़ानों के बावजूद यहां यात्री संख्या क्षमता से छह गुना तक पहुंच चुकी है।

Dec 18, 2025 - 12:52
 0
अर्जुन नगर गेट से बदली आगरा सिविल एयरपोर्ट की तस्वीर, ट्रांजिट लाउंज तक कवर्ड पाथ-वे बनाया गया, क्षमता से छह गुना उपयोग हो रहा खेरिया एयरपोर्ट
एयरपोर्ट डायरेक्टर विवेक कुमार शर्मा के साथ चर्चा करते सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के सदस्य।

कवर्ड पाथ-वे से बढ़ी सुविधा, जलभराव की समस्या लगभग खत्म

आगरा। आगरा सिविल एयरपोर्ट पर अर्जुन नगर गेट से ट्रांजिट लाउंज तक लगभग एक फुट ऊंचा कवर्ड पैदल मार्ग तैयार किया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर विवेक कुमार शर्मा के अनुसार, मानसून में जलभराव से बचाव के लिए जगह-जगह क्रॉस पाइप डाले गए हैं, जिससे बरसात के दिनों की असुविधा अब लगभग समाप्त हो चुकी है।

1500 फुटफॉल, क्षमता से छह गुना उपयोग

सिविल सोसाइटी ऒफ आगरा के एक प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट के डाइरेक्टर विवेक कुमार शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान चर्चा में सामने आया कि सीमित एयर कनेक्टिविटी के बावजूद रोजाना लगभग 1500 यात्रियों का आवागमन आगरा के एयरपोर्ट से हो रहा है, जबकि एन्क्लेव की हैंडलिंग क्षमता मात्र 250 यात्रियों की है। वर्तमान में चार शेड्यूल्ड फ्लाइटें संचालित हैं, लेकिन आगरा-मथुरा सहित आसपास के जिलों से नई उड़ानों की लगातार मांग आ रही है।

इंडिगो की A321 उड़ानें, फुल कैपेसिटी पर संचालन

इंडिगो एयरलाइंस मुंबई और बेंगलुरु रूट पर 220 यात्रियों की क्षमता वाले A321 विमान उड़ा रही है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक ये उड़ानें पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं, जो आगरा की हवाई मांग की मजबूती को दर्शाता है।

पार्किंग की सीमित क्षमता के कारण अब विमानों को टर्मिनल से बाहर निकालने के लिए पुशबैक सिस्टम अपनाया जा रहा है, जिससे समय और जगह—दोनों की बचत हो रही है।

आर्थिक सेहत में सुधार, चार्टर उड़ानों से संबल

पिछले वित्तीय वर्ष में आगरा एयरपोर्ट पर लगभग 21 करोड़ रुपये का संचालन व्यय रहा, जबकि आय 16 करोड़ रही। चालू वर्ष में स्थिति और बेहतर होने की उम्मीद है। आगरा एक कस्टम हवाई अड्डा है, जहां विदेशी चार्टर उड़ानों के लिए ‘ऑन डिमांड’ कस्टम क्लीयरेंस की सुविधा उपलब्ध है। यहां आने वाली चार्टर उड़ानों में करीब 40% विदेशी होती हैं।

इंडिगो द्वारा कार्गो सेवा भी दी जा रही है। आगरा से मुख्यतः चांदी के उत्पाद बुक होते हैं। एयरलाइंस का प्रयास है कि कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत किया जाए।

धनौली सिविल एन्क्लेव से बदलेगा परिदृश्य

धनौली में बन रहा नया एयरपोर्ट 2027 से पहले चालू होने की उम्मीद है। इसके साथ ही आगरा-जगनेर रोड पर जलभराव रोकने के लिए प्रभावी नाला निर्माण की आवश्यकता बताई गई है। यह सुविधा खेरिया और धनौली दोनों के लिए अहम होगी।

मेट्रो रेल धनौली तक बढ़ाने की मांग

मेट्रो का विस्तार खेरिया एयरपोर्ट तक प्रस्तावित है, लेकिन सिविल सोसायटी ऑफ आगरा का सुझाव है कि इसे धनौली में बन रहे सिविल एन्क्लेव तक बढ़ाया जाए। सोसाइटी की ओर से यह मांग सांसद राजकुमार चाहर के संज्ञान में लाई जा चुकी है।

इलेक्ट्रिक बस सेवा और किराया विवाद

एएमसीपीटीएल द्वारा अर्जुन नगर गेट से टर्मिनल तक चार इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं, जिनका किराया 50 रुपये है। यात्रियों की नाराजगी को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी इस शुल्क को समाप्त कराने के लिए परिवहन कंपनी से बातचीत कर रही है।

सिविल सोसाइटी ऒफ आगरा ने अर्जुन नगर गेट के बाहर टैक्सी-ऑटो द्वारा मनमाना किराया वसूली का मुद्दा भी उठाया है। सुझाव दिया गया है कि यहां किराया सूची बोर्ड लगाया जाए और रेलवे स्टेशनों की तर्ज पर नियंत्रित बुकिंग व्यवस्था लागू हो।

सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधिमंडल में सचिव अनिल शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजीव सक्सेना और फोटो जर्नलिस्ट असलम सलीमी शामिल रहे। संगठन का कहना है कि प्रदेश के कई एयरपोर्ट शोपीस बनकर रह गए हैं, जबकि आगरा में नियमित चार्टर और शेड्यूल्ड उड़ानों से भरपूर कारोबार मिल रहा है। यहां के फुटफॉल में लगभग 30% विदेशी पर्यटक शामिल हैं।

SP_Singh AURGURU Editor