आगरा के अरशद ने लखनऊ में मां और चार बहनों को मार डाला
आगरा। थाना ट्रांस यमुना के इस्लाम नगर (टेढ़ी बगिया) के अरशद ने अपनी मां और चार बहनों को मार डाला। अरशद ने इस सामूहिक हत्याकांड को लखनऊ के एक होटल में अंजाम दिया। मां और बहनों को मारने के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
-लखनऊ के एक होटल में किया परिवार का सफाया,
-आगरा के इस्लाम नगर, टेड़ी बगिया का है परिवार
-आरोप अरशद मौके से पकड़ा गया, हत्याकांड कबूला
- आत्महत्या की बात कह निकले पिता को तलाश रही पुलिस
आरोपी का पिता भी साथ था, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि वह बेटे द्वारा परिवार के पांच लोगों की हत्या किए जाने पर यह कहकर बाहर निकल गया कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। लखनऊ पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
आगरा के इस्लाम नगर निवासी बदर, पत्नी आसमां और उनकी बेटी अल्सिया (19), रहमीन (18), अक्शा (16) और आलिया (9) के अलावा बेटा अरशद (24 वर्ष) विगत 30 दिसंबर को लखनऊ गए थे। ये सभी लखनऊ के नाका स्थित होटल सरनजीत रुके हुए थे।
परिवार ने होटल में बताया था कि वह नये साल पर घूमने के लिए लखनऊ आए हैं। आज सुबह होटल स्टाफ को जानकारी हुई कि अरशद ने अपनी मां के साथ ही पांचों बहनों को मार डाला है तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा कि होटल के एक कमरे में आसमां और उसकी चारों बेटियों के शव पड़े हुए थे। पांचों शवों पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।
सामूहिक हत्याकांड का आरोपी अरशद भी पुलिस को वहीं बैठा मिला। उसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने मां और बहनों की हत्या की बात स्वीकार कर ली। वारदात के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। समझा जा रहा है कि रात के समय इस परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और अरशद ने मां और बहनों की जान ले ली।
अरशद से यह पता चलने पर कि उसका पिता बदर आत्महत्या की बात कहकर होटल से निकला है तो पुलिस बदर की तलाश में भी जुट गई थी।