उल्लास और श्रद्धा के साथ आर्ट ऑफ लिविंग संस्था ने मनाया गुरु पूर्णिमा पर्व
आगरा। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था, आगरा द्वारा गुरु पूर्णिमा पर्व को विजय नगर क्लब और राजा बलवंत सिंह कॉलेज सभागार में उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक भावनाओं के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विजय नगर क्लब में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की वाणी में सुदर्शन क्रिया के अभ्यास से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया।
इसके उपरांत संस्था की वरिष्ठ प्रशिक्षक ममता रल्ली ने योगाभ्यास कराया तथा सीमा मिड्डा ने सुदर्शन क्रिया का अभ्यास करवाया। संस्था के सभी प्रशिक्षकों द्वारा सामूहिक गुरु पूजा की गई, जिसमें गुरु के प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई।
सांस्कृतिक संध्या में गुंजे भक्तिमय भजन
सांयकाल राजा बलवंत सिंह कॉलेज सभागार में आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गुरुदेव के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। ममता रल्ली द्वारा गुरु पूजा के बाद बेंगलुरु से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक शुक्ल ने जब गणेश शरणम्, ओम गुरु नमो नमः जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, तो पूरा सभागार भक्ति-भाव में सराबोर हो गया।
वृक्षारोपण से जोड़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर डॉ. सुशील गुप्ता (एपेक्स सदस्य, यूपी वेस्ट) के संयोजन में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, दयालबाग में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। "आएँ एक पेड़ लगाएं, दो पेड़ घर ले जाएं" की थीम पर हुए इस आयोजन में सैकड़ों पौधे लगाए गए।
भजन संध्या में संस्था के सक्रिय सदस्यों में रानी बसलास, एसटीसी डॉ. रश्मि मिश्रा, डीटीसी ममता रल्ली, रुचिरा ढल्ल, सीमा मिड्डा, कंचन आहूजा, किरन सिंह, सुचिता खन्ना, बबिता सिंह, रश्मि अग्रवाल समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर संचालन नीता सरिन ने किया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।