आगरा कॉलेज में कला कार्यशाला छात्रों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, समापन

आगरा। आगरा कॉलेज के चित्रकला विभाग में आयोजित तीन दिवसीय कला कार्यशाला एवं एक दिवसीय सेमिनार का आज भव्य समापन हुआ।

Apr 21, 2025 - 21:12
 0
आगरा कॉलेज में कला कार्यशाला छात्रों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, समापन
आगरा कॊलेज में आयोजित चित्रकला के समापन समारोह में मौजूद प्रतिभागी छात्र-छात्राएं।

कार्यशाला के अंतिम दिन छात्र-छात्राओं की कलाकृतियों ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि उनके रचनात्मक सोच और सौंदर्यबोध की परिपक्वता को भी दर्शाया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसका संयोजन डॉ. सुनीता यादव ने किया। कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं ने विविध कलाकृतियों के माध्यम से सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

शोधार्थी लक्ष्मीकांत भार्गव ने वॉटर कलर पेंटिंग के माध्यम से प्रकृति के सौंदर्य को उकेरा, वहीं एम.ए. की छात्रा कोमल ने राधा-कृष्ण के दिव्य प्रेम को अपनी कलाकृति में खूबसूरती से चित्रित किया। भावना कर्दम की पेंटिंग में नारी के कोमल रूप की अभिव्यक्ति थी, आरती ने भगवान गणेश का विराट स्वरूप दिखाया, रीना कुमारी और कीर्ति शर्मा ने राधा-कृष्ण तथा योगी कृष्ण को चित्रों में सजाया, जबकि तमन्ना कुरैशी ने मीरा के कृष्ण भक्ति भाव को रंगों के माध्यम से सजीव किया।

समापन अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की और उन्हें भावी जीवन में एक सफल चित्रकार एवं कला शिक्षक बनने की प्रेरणा दी। कार्यशाला संयोजिका डॉ. सुनीता यादव ने इसे छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने छात्रों को न केवल तकनीकी कौशल सिखाया, बल्कि उनकी अभिव्यक्ति क्षमता को भी नई दिशा दी।

उप प्राचार्य प्रो. पी.बी. झा ने कार्यशाला को रचनात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि कला, जीवन को देखने का एक व्यापक दृष्टिकोण देती है और छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक बनती है। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. ए.के. सिंह ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण, शोधार्थी दीप सिंह, शशि प्रभा, संदीप, दीपा, के.के., डालचंद भैया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।