गठिया अब उम्र नहीं देखता! आगरा में विश्व अर्थराइटिस दिवस पर डॉक्टरों ने दी जागरूकता की सीख

आगरा। अर्थराइटिस यानी गठिया अब केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं रही। बदलती जीवनशैली, तनाव और खानपान की गड़बड़ियों ने युवाओं को भी इस जोड़ों की सूजन और दर्द से जूझने पर मजबूर कर दिया है। इसी चिंता को लेकर आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने रविवार को विश्व अर्थराइटिस दिवस के अवसर पर खेलगांव, दयालबाग में एक विशेष अवेयरनेस कैंप आयोजित किया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने रोग के लक्षण, बचाव और उपचार के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी।

Oct 12, 2025 - 13:49
 0
गठिया अब उम्र नहीं देखता! आगरा में विश्व अर्थराइटिस दिवस पर डॉक्टरों ने दी जागरूकता की सीख
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा रविवार को विश्व अर्थराइटिस दिवस के अवसर पर खेलगांव, दयालबाग में आयोजित अवेयरनेस कैंप में मौजूद चिकित्सक एवं अन्य।

हर वर्ष 12 अक्टूबर को विश्व अर्थराइटिस दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य अर्थराइटिस और उससे जुड़ी बीमारियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी द्वारा इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल अग्रवाल, सचिव डॉ. अनुपम गुप्ता और कोषाध्यक्ष डॉ. संजीव बोरा ने किया। डॉ. अनुपम गुप्ता ने कहा कि गठिया अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवा वर्ग में भी यह तेजी से फैल रहा है। लंबे समय तक बैठे रहना, व्यायाम की कमी और खानपान में असंतुलन इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अर्थराइटिस एक ऐसी स्थिति है जिसमें जोड़ों, मांसपेशियों और संयोजी ऊतकों में सूजन, दर्द और अकड़न होती है। इसके कई प्रकार हैं-  ऑस्टियोआर्थराइटिस, रूमेटॉइड गठिया, ल्यूपस और गाउट प्रमुख हैं। रोग के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर दिक्कतें पैदा कर सकता है।

डॉ. संजीव बोरा ने बताया कि अर्थराइटिस के मरीजों के लिए नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण और संतुलित आहार बेहद जरूरी है। वहीं डॉ. अश्वनी सडाना ने बताया कि नई पीढ़ी में मोबाइल और लैपटॉप पर अधिक समय बिताने से जोड़ों की जकड़न और मांसपेशियों की कमजोरी बढ़ रही है।

कैंप में उपस्थित प्रतिभागियों को फ्री हेल्थ चेकअप, बीएमआई एनालिसिस, फिजियोथेरेपी सलाह और एक्सरसाइज डेमो भी दिए गए।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ डिवाइन आगरा, भारत विकास परिषद संस्कार, क्लीनिकल पैथोलॉजी और खेल गांव स्पोर्ट्स क्लब का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम में डॉ. संजय चतुर्वेदी, मनोज अग्रवाल पोली भाई, डॉ. प्रमोद गुप्ता, डॉ. ललित पाठक, डॉ. समीक्षा गुप्ता, डॉ. अमोद शंकर, अंशुल अग्रवाल, नोबेल सिंह और राजकुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor