नैक से ए+ ग्रेडिंग मिलते ही विवि में झूम उठा हर कोई 

आगरा। शनिवार को जैसे ही डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में यह खबर पहुंची कि राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) ने विवि को ए+ ग्रेड दिया है तो खुशियों का ऐसा ज्वार उठा कि हर कोई झूमने लगा। कुलपति, कुलसचिव और वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर शिक्षक और छात्र जमकर झूमे। इस दौरान ढोल भी बजे। सभी का मुंह भी मीठा कराया गया। 

Nov 9, 2024 - 19:37
 0
नैक से ए+ ग्रेडिंग मिलते ही विवि में झूम उठा हर कोई 
नैक से ए प्लस ग्रेड मिलने पर डा. भीमराव आंबेडकर विवि परिसर में झूमते अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं।

मौका था भी खुशी का, क्योंकि विवि ने वह हासिल कर लिया है जिसका लम्बे समय से इंतजार था। खुशी के इस मौके पर ढ़ोल के साथ सभी छात्र, पूर्व छात्र, शिक्षक और कर्मचारियों ने मिलकर कुलपति और आईक्यूएसी के निदेशक के साथ खुशियां मनाईं। पूरे परिसर में घूम-घूम कर सबको बधाई तथा इस उपलब्धि में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। 

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने इस मौके पर विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय आगे भी अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और सेवाओं की गुणवत्ता का प्रमाण है। 

ज्ञातव्य है कि पूर्व में वर्ष 2017 में हुई नैक ग्रेडिंग में विश्वविद्यालय को B++ ग्रेडिंग मिला था।  माना जा रहा है कि विश्वविद्यालय की पहली महिला कुलपति प्रो. आशु रानी और आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. संजीव कुमार की मेहनत और लगन की वजह से ये उपलब्धि हासिल हो सकी है। 

कुलपति प्रो. आशुरानी ने कहा, "यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के प्रयासों और समर्पण का परिणाम है। हम अपने शिक्षकों, छात्रों, और कर्मचारियों को बधाई देते हैं।"

आईक्यूएसी के निदेशक प्रो. संजीव कुमार ने कहा कि मैं इस सब का श्रेय पूरे विश्वविद्यालय परिवार और छात्रों को देता हूं, जिन्होंने हर पल साथ मिलकर कार्य किया और कंधे से कन्धा मिलाकर काम करते रहे। अपने विश्वविद्यालय को इस बेहतरीन मुकाम तक पहुंचाने के लिए।सभी ने दिन रात एक कर दिया। 
 
कुलसचिव राजेश कुमार (आईएएस) ने कहा कि इस अविश्वसनीय उपलब्धि के लिए पूरी विवि टीम को बधाई। उन सभी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और परिणामस्वरूप हमें A+ मान्यता प्राप्त हुई। यह उपलब्धि हमें अगला मील का पत्थर हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

वित्त अधिकारी महिमा चन्द्र ने कहा कि अपने कार्यकाल में विश्वविद्यालय की ऐसी बड़ी उपलब्धि से बहुत ख़ुशी हुई और सभी के सहयोग और हमारी मेहनत पर विश्वास रखने के लिए धन्यवाद और बधाई।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश ने कहा कि बड़ी चुनौती थी। दीक्षांत समारोह के एक दिन बाद ही तीन दिवसीय नैक निरीक्षण हुआ। सबकी एकजुटता और मेहनत देखकर खुशी हो रही। पूरा परिवार मिलकर काम कर था तो सफलता तो मिलनी ही थी। 

जनसम्पर्क अधिकारी पूजा सक्सेना ने कहा की कुलपति का विज़न शुरू से ही बहुत क्लियर था कि काम करना है। मेहनत करनी है तो सबको मिलकर करनी होगी। कोई इसमें बड़ा छोटा नहीं, क्योंकि  विश्वविद्यालय सबका है। जो पूर्व छात्र रहे हैं, उनका भी है। आगरावासियों का भी है। मेरा भी है क्योंकि वे आगरा की ही बेटी हैं। शिक्षकों, कर्मचारियों का भी है। इस ग्रेडिंग का फ़ायदा और नाम का लाभ सबको  मिलेगा। आगे भी परिवार की तरह एक होकर कार्य करना है और जीतना है। 
.
बता दें कि 22 अक्टूबर को हुए 90वें दीक्षांत समारोह के तुरंत बाद 24, 25, 26 अक्टूबर को नैक का निरीक्षण हुआ। नैक की टीम 23 अक्टूबर की रात को ही आ गईं थी। 

पहले दिन कुलपति सचिवालय में कुलपति, आईक्यूएसी के निदेशक, कुलसचिव, वित्त अधिकारी और परीक्षा नियंत्रक की प्रेजेंटेशन हुई। उसके साथ ही सेंट्रल लाइब्रेरी, केएमआई म्यूजियम, खंदारी परिसर स्थित सामुदायिक रेडियो, आईक्यूएसी ऑफिस, संस्कृति भवन स्थित ललित कला म्यूजियम, छलेसर परिसर, संस्कृति भवन परिसर, खंदारी परिसर और पालीवाल पार्क परिसर के लगभग सभी विभागों का निरीक्षण किया था। 

इसके साथ ही छात्रों और उनके परिवारीजनों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पूर्वक छात्रों के साथ अलग अलग बैठकें भी कीं। सभी विभाग के रखरखाव, छात्रों के लिए बेहतरीन शिक्षा का माहौल और सुविधा, विभागों में रिकार्ड्स,  उनकी लैब आदि का निरीक्षण भी किया। 

मुख्य विशेषताएं

- शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार।
- अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा।
- छात्रों के लिए बेहतर अवसर।
- समाज में योगदान।
- केंद्रीय सुविधाएं।

SP_Singh AURGURU Editor