आगरा में अष्टमी पूजन की धूम: कन्या पूजन और मंदिरों में सजी भक्ति की आभा
आगरा। नवरात्रि के पावन पर्व पर अष्टमी तिथि को शहरभर के मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन और कन्या पूजन किया जा रहा है। श्रद्धालु मां दुर्गा की उपासना के साथ व्रत का समापन और नव दुर्गा की आठवीं शक्ति ‘महागौरी’ का पूजन कर रहे हैं।

सुबह से ही मंदिरों में साफ-सफाई के बाद विशेष सजावट की जा रही है। मां दुर्गा के दरबार में फूल-मालाओं, चुनरियों और आकर्षक विद्युत सज्जा से भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित हो गया है। भक्तों की भीड़ मंदिरों में उमड़ रही है और कई स्थानों पर रात्रि जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन भी किया जा रहा है।
अष्टमी और नवमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु छोटी बच्चियों को घर बुलाकर उन्हें पूड़ी, हलवा, चने, फल और उपहार भेंट कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कन्याओं में ही नौ देवियों का स्वरूप माना जाता है।
आगरा के मनकामेश्वर मंदिर, कालीबाड़ी मंदिर सहित प्रमुख शक्तिपीठों, कॉलोनियों और मोहल्लों में स्थित मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। पूरे शहर में नवरात्रि का धार्मिक उत्साह चरम पर है और श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन दिखाई दे रहे हैं।