असम की लड़की से किरावली के एक गांव में गैंगरेप

आगरा। थाना किरावली क्षेत्र में असम की एक लड़की के साथ दो युवकों द्वारा गैंगरेप किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों लड़के न जाने कितने दिन तक इस लड़की के साथ दुष्कर्म करते, लेकिन एक महिला की मदद से वह थाने पर जा पहुंची और केस दर्ज कराया। 

Nov 5, 2024 - 20:41
Nov 5, 2024 - 20:43
 0
असम की लड़की से किरावली के एक गांव में गैंगरेप

- राजस्थान में बहन के पास जाने के लिए निकली थी, दिल्ली स्टेशन से मनोज बहलाकर किरावली ले आया, दोस्त के घर में रख किया दोनों ने दुष्कर्म

असम के धेमाजी क्षेत्र की 20 साल की एक लड़की चार-पांच दिन पहले ट्रेन द्वारा अपनी बहन के पास राजस्थान के श्रीगंगानगर जा रही थी। लड़की ट्रेन से दिल्ली में उतर गई। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उसे मनोज गायकवाड नाम का लड़का मिला, जिसने लड़की को अपनी बातों से फुसलाया और कहा कि वह उससे शादी कर लेगा। 

लड़की के अनुसार वह दो दिन तक दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर ही मनोज गायकवाड के साथ रही। इसके बाद मनोज उसे ट्रेन द्वारा आगरा ले आया। आगरा में किरावली क्षेत्र के नगला भालरा गांव में अपने दोस्त कान्हा के घर लेकर पहुंचा। मनोज ने उसे कान्हा के घर में दो दिन तक रखा। एक रात में मनोज गायकवाड ने लड़की के साथ बलात्कार किया। इसके अगले दिन उसके दोस्त कान्हा ने रेप किया। 

युवती द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार दो दिन कान्हा के घर में रखने के बाद मनोज और कान्हा उसे लेकर अभुआपुरा में मंजू नाम की एक महिला के यहां तीन नवंबर को पहुंचे। यहां इस युवती ने मंजू को अपने साथ घटित घटना की जानकारी दी तो मंजू ने मनोज और कान्हा से नजर बचाकर युवती को घर से बाहर यह कहते हुए निकाल दिया कि वह सीधे पुलिस के पास जाए। 

चूंकि ग्राम अभुआपुरा कस्बा किरावली का ही हिस्सा है, इसलिए इस युवती को थाने तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। मंजू के घर से थाना बमुश्किल 500 मीटर दूर है। थाने पर पहुंची युवती ने पुलिस वालों को आपबीती बताई तो वे भी सन्न रह गए। तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी गई है। युवती के घर से निकल जाने की जानकारी मिलते ही कान्हा और मनोज फरार हो गए हैं। 

SP_Singh AURGURU Editor