अटल जी का सान्निध्य मेरे जीवन की अमूल्य धरोहर : भानु महाजन ने जन्मदिन पर किया स्मरण
आगरा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर आगरा महानगर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष भानु महाजन ने भावपूर्ण शब्दों में उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी का स्नेहिल आशीर्वाद उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें अटल जी का सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
भानु महाजन ने अपने वक्तव्य में बताया कि उनके दादाजी स्वर्गीय ओमप्रकाश महाजन, जो पूज्य अटल बिहारी वाजपेयी के मित्र थे, के निमंत्रण पर दीनदयाल धाम स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर के लोकार्पण समारोह में अटल जी का शुभागमन हुआ था। उसी पावन अवसर पर हवन–पूजन के दौरान उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी एवं दादाजी स्व. ओमप्रकाश महाजन के साथ आहुति प्रदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था।
भानु महाजन ने कहा कि वह क्षण उनके जीवन का अविस्मरणीय अध्याय है, जब अटल बिहारी वाजपेयी जी ने स्नेहपूर्वक उनके सिर पर अपना करकमल रखा। यह आशीर्वाद उनके लिए आजीवन प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। वे मां भारती के अनन्य उपासक, संगठन को परिवार मानने वाले और कार्यकर्ता निर्माण को अपना जीवन–ध्येय मानने वाले महान युगपुरुष थे। राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाने के लिए उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश को समर्पित कर दिया।
भानु महाजन ने आगे कहा कि उनके जीवन में केवल अटल जी ही नहीं, बल्कि राजनाथ सिंह (रक्षा मंत्री, भारत सरकार), कल्याण सिंह (पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल) एवं कलराज मिश्र (पूर्व राज्यपाल) का भी स्नेहशील आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जिसे वे अपने जीवन का सौभाग्य मानते हैं।
उन्होंने अंत में कहा कि महान राष्ट्रपुरुष अटल बिहारी वाजपेयी के चरणों में उनका शत–शत नमन है और आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और राष्ट्रसेवा के मार्ग से प्रेरणा लेनी चाहिए।