आगरा के गिजौली गांव में गाली-गलौज से माहौल फिर गरमाया, अफवाहों का भी दौर

खंदौली। थाना क्षेत्र के गांव गिजौली में जातीय तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। पंचायत के जरिए शांति कायम करने की कोशिशें नाकाम साबित हुईं और सोमवार की रात माहौल अचानक गरमा गया। आरोप है कि दलित समाज के चार-पांच लोग खेतों में शौच के लिए गए थे, तभी दूसरे पक्ष ने उन्हें घेरकर गाली-गलौज की। खुद को घिरता देख जाटव समाज के लोग किसी तरह जान बचाकर घर लौटे। उनका आरोप है कि आरोपियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट भी की।

Sep 15, 2025 - 22:19
 0
आगरा के गिजौली गांव में गाली-गलौज से माहौल फिर गरमाया, अफवाहों का भी दौर

पुलिस-प्रशासन हरकत में

सूचना मिलते ही रात में ही एसीपी एत्मादपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक खंदौली हंसराज सिंह भदौरिया ने कहा कि शौच के लिए गए लोगों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज जरूर हुई, लेकिन मारपीट की घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने साफ किया कि स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिसबल तैनात किया गया है ताकि माहौल बिगड़े नहीं।

अफवाहों ने फैलाया खौफ

सोमवार दिनभर गांव में अफवाहों का बाजार गर्म रहा। सोशल मीडिया पर बार-बार झूठी सूचनाएं वायरल होती रहीं। शाम को यह अफवाह फैलाई गई कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों और फरसों से हमला कर दिया है। इसी तरह देर रात अफवाह उड़ाई गई कि गांव में फायरिंग हुई है। दोनों ही बार थाना पुलिस और सर्किल का भारी फोर्स मौके पर पहुंचा, लेकिन हकीकत केवल गाली-गलौज की निकली।

पुलिस की सख्ती

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त न किया जाए। देर रात तक भारी पुलिस फोर्स गांव में डटी रही और लोगों को आश्वस्त किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

SP_Singh AURGURU Editor