आगरा के अवधपुरी जिनालय में जन्म-तप कल्याणक महोत्सव पर श्रद्धा और उल्लास का माहौल
आगरा। अवधपुरी स्थित श्री पद्मप्रभु जिनालय में रविवार को कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के पावन अवसर पर भगवान पद्मप्रभु का जन्म-तप कल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही, जिससे संपूर्ण वातावरण धार्मिकता और शांति से परिपूर्ण बना रहा।
भव्य अभिषेक और शांतिधारा ने मोहा मन
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा और पंचामृत स्नान से हुई, जिसे श्रद्धालुओं ने बड़ी ही भक्ति भावना से संपन्न किया। इस दौरान मंदिर परिसर में धूप, दीप और पुष्पों की सुगंध से वातावरण सुगंधित रहा।
श्री पद्मप्रभु विधान का भव्य आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तों ने पुष्प, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित कर भगवान पद्मप्रभु से मंगल आशीर्वाद की कामना की। धर्मसभा में वक्ताओं ने भगवान पद्मप्रभु के सत्य, अहिंसा और संयम के जीवन संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।
शाम को हुई भव्य आरती और दीपोत्सव
आयोजन समिति के अनुसार, शाम को भव्य आरती और दीपोत्सव का आयोजन किया गया। भक्तगण जय पद्मप्रभु भगवान की जय के उद्घोषों से भावविभोर नजर आए।
इस मौके पर प्रवीन जैन, पंडित विवेक जैन, इंद्र प्रकाश जैन, ओमप्रकाश जैन, रविंद्र जैन, नरेंद्र जैन, अनिल जैन, शुभम जैन, धवल जैन, निकित जैन, करुणा जैन, गीता जैन, हेमलता जैन, बीना जैन, रिंकी जैन सहित समस्त अवधपुरी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।