कलेक्ट्रेट में दिव्यांग संगठन के पदाधिकारियों पर हमला, मुकदमा दर्ज

आगरा। कलेक्ट्रेट परिसर गंभीर आरोपों और हमले की घटना का साक्षी बना है। शुक्रवार को भारतीय दिव्यांग संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बॉबी गोला और महिला मोर्चा की अध्यक्ष समीना पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया।

May 10, 2025 - 21:46
 0
कलेक्ट्रेट में दिव्यांग संगठन के पदाधिकारियों पर हमला, मुकदमा दर्ज
कलेक्ट्रेट में दिव्यांग संगठन की महिला पदाधिकारी के साथ हुई मारपीट का दृश्य।

यह हमला भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के पूर्व आसरा सेंटर संचालक देवेंद्र सविता और फरीन खान के नेतृत्व में दर्जन भर लोगों ने किया। हमलावरों ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। आश्चर्य की बात यह रही कि घटना के दौरान मौजूद सुरक्षा कर्मी मूकदर्शक बने रहे और कोई हस्तक्षेप नहीं किया।

पीड़ित पक्ष की ओर से थाना नाई की मंडी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115/2, 351/2, व 352 के तहत शिकायत दर्ज कराई गई है। महिला अध्यक्ष समीना द्वारा दी गई तहरीर में साफ तौर पर हमलावरों के नाम लिए गए हैं।

पुराना मामला, पुरानी शिकायत

दिव्यांग संगठन व किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने पहले ही 07 नवम्बर 2024 को एलिम्को के आसरा सेंटर में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली व दिव्यांगों के साथ धोखाधड़ी की शिकायत की थी। जांच में देवेंद्र सविता पर लगे आरोप सही पाए गए और एलिम्को ने उन्हें सेंटर संचालन से हटा भी दिया। बावजूद इसके प्रशासनिक कार्रवाई अब तक नहीं हुई।

शिकायत देने पर हमला
शुक्रवार को इसी शिकायत के संदर्भ में दिव्यांग संगठन के कार्यकर्ता जब जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे, तभी पहले से तैयार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह और बॉबी गोला ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलनात्मक रुख अपनाया जाएगा।

संगठन की मांग

भारतीय दिव्यांग संगठन ने स्पष्ट कहा है कि यदि दोषियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया तो यह प्रशासनिक लापरवाही मानी जाएगी। संगठन ने कलेक्ट्रेट परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा में चूक पर भी सवाल उठाए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor