बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले बेहद गंभीर, भारत वैश्विक स्तर पर उठाए ठोस कदम : डॉ. प्रवीण तोगड़िया
-आरके सिंह- बरेली। बांग्लादेश समेत कई देशों में हिंदू समुदाय पर हो रहे हमलों को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने भारत सरकार से वैश्विक स्तर पर सख्त और निर्णायक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह अमेरिका ने नाइजीरिया में ईसाई समुदाय पर अत्याचार के बाद कठोर कदम उठाए, उसी तरह भारत को भी दुनिया भर में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत भूमिका निभानी चाहिए। डॉ. तोगड़िया रविवार को बरेली में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बांग्लादेश में हालात चिंताजनक, खुला अत्याचार
डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या, महिलाओं पर अत्याचार और धार्मिक उत्पीड़न की घटनाएं बेहद गंभीर और शर्मनाक हैं। उन्होंने इसे मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन बताया और कहा कि भारत सरकार को इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दबाव बनाना चाहिए।
उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा कि बांग्लादेश के राष्ट्रपति यूनुस को पकड़कर तिहाड़ जेल में डालने की जरूरत है, और उन्हें भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस दिशा में कठोर कदम उठाएंगे।
धर्मांतरण पर कड़ा हमला
धर्मांतरण के मुद्दे पर डॉ. तोगड़िया ने कहा कि देश के कई हिस्सों में योजनाबद्ध तरीके से हिंदुओं का ईसाई और मुस्लिम समुदाय में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने इसे समाज के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि जहां भी ऐसी घटनाएं हों, वहां हिंदू समाज को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए।
जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग
जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर उन्होंने कहा कि देश में सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए।
डॉ. तोगड़िया ने आरोप लगाया कि हिंदुओं पर दो से अधिक संतान होने पर सरकारी सुविधाओं में कटौती होती है, जबकि अन्य समुदायों पर ऐसे नियम समान रूप से लागू नहीं होते।
उन्होंने मांग की कि कानून लागू होने के एक वर्ष बाद यदि कोई परिवार तय सीमा से अधिक संतान पैदा करता है, तो उसे सरकारी योजनाओं सरकारी स्कूलों में प्रवेश नौकरियों और अन्य लाभों से वंचित किया जाए।
बांग्लादेशी घुसपैठ पर सख्त रुख
घुसपैठ के मुद्दे पर डॉ. तोगड़िया ने कहा कि 1991 की मतदाता सूची को आधार बनाकर व्यापक और पारदर्शी जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि इससे अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ बांग्लादेशी घुसपैठियों को देश से बाहर निकालने की मांग की जाएगी।
हिंदू हितों के लिए 10 सूत्री अभियान
डॉ. तोगड़िया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद द्वारा हिंदू समाज के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें सस्ती शिक्षा और राष्ट्रीय छात्रवृत्ति, रोग मुक्ति अभियान, प्रत्येक घर में हनुमान चालीसा पाठ, किसानों को फसल का पूरा भुगतान, महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण, गरीब हिंदुओं को राशन व्यवस्था और हिंदू प्रतिभाओं को प्रोत्साहन आदि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में हिंदुओं का बहुमत बनाए रखना संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। दुनिया की 800 करोड़ आबादी में केवल 100 करोड़ हिंदू बचे हैं, और यदि यही स्थिति रही तो हिंदुओं की जनसंख्या और घट सकती है।