मंदिर में तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश, आरोपी तौहीद पकड़ा गया, तनाव के बीच पुलिस तैनात
आगरा। शहर की शांति भंग करने की एक नापाक कोशिश उस समय सामने आई जब अर्जुन नगर क्षेत्र के एक मंदिर में देर रात एक युवक ने घुसकर मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी की पहचान तौहीद पुत्र शौकीन निवासी राधे वाली गली के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में टेंशन का माहौल बन गया, जिसे संभालने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
घटना अर्जुन नगर स्थित नगला पोहपा में रावत नर्सिंग होम के सामने स्थित एक प्राचीन मंदिर की है, जहां स्थानीय लोगों की गहरी आस्था है। देर रात आरोपी ने मंदिर का ताला तोड़कर न केवल गुल्लक को नुकसान पहुंचाया, बल्कि मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सुबह करीब 5 बजे जब स्थानीय श्रद्धालु अरुण वर्मा पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने यह तोड़फोड़ देखी और तुरंत अन्य लोगों को सूचित किया। उसी समय मंदिर परिसर के पास तौहीद को संदिग्ध हालत में देखा गया, जिसके घुटने पर सिंदूर भी लगा था। लोगों ने उसे पकड़ लिया और सराय ख्वाजा पुलिस चौकी ले जाकर सौंप दिया।
घटना की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जोरदार नारेबाजी करते हुए आरोपी को कड़ी सज़ा देने की मांग की। आक्रोश और भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया और इलाके में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि उसके पीछे किसी साजिश का हाथ तो नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पुलिस सतर्क है।