ऒटो चालक धीरज ने मिसाल पेश कर दी  

आगरा। टीम एसओएस से जुड़े एक ऒटो चालक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की कि उस यात्री को भी मलाल हुआ होगा कि उसने अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए उसके ऒटो को क्यों नकारा। 

Dec 30, 2024 - 22:14
 0
ऒटो चालक धीरज ने मिसाल पेश कर दी   
देहली गेट चौकी पर पुलिसकर्मी को यात्री का बैग सौंपते धीरज बघेल।  

बात रविवार रात की है। धीरज बघेल ऒटो चलाकर अपने परिवार की रोजी-रोटी का इंतजाम करते हैं। धीरज बघेल टीम एसओएस के सदस्य भी हैं। एसओएस से जुड़कर उन्हें यह सीखने को मिला है कि सवारियों से कैसा व्यवहार करना है। 

धीरज अपने ऒटो के साथ दिल्ली गेट पर थे। रात के 11 बज रहे थे। एक यात्री ने धीरज के पास आकर कोई स्थान बताकर वहां चलने के लिए पूछा। धीरज ने चलने की हामी भरी, लेकिन बात किराये के पैसों पर नहीं बन पाई। धीरज ने 70 रुपये मांगे थे जबकि यात्री 50 रुपये से ज्यादा देने को तैयार नहीं था।

किराए पर बात नहीं बनी तो यात्री चल बना। धीरज ने भी अपना ऒटो आगे बढ़ा दिया। धीरज यहां से सीधे अपने घर पहुंचे। घर पर ऒटो खड़ा किया तो देखा कि उनके ऒटो में एक बैग रखा हुआ है। धीरज ने तत्काल अंदाज लगा लिया कि यह बैग उसी यात्री का हो सकता है, जिससे कुछ देर पहले बात कर रहा था।

धीरज बघेल ने तुरंत ऒटो स्टार्ट किया और उसी जगह पहुंचे जहां यात्री से बात हो रही थी। वहां यात्री के न मिलने पर धीरज ने देहली गेट चौकी पर जाकर सारा वाकया बताया और बैग पुलिस के पास जमा करा दिया। धीरज को आज पुलिस चौकी जाने पर पता चला कि वह यात्री भी अपने बैग की तलाश में पुलिस चौकी पहुंचा था और वह अपने बैग को ले गया है।

SP_Singh AURGURU Editor