10 रुपये के किराए पर ऑटो चालक का तांडव, महिलाओं से मारपीट, चलती गाड़ी से मारा धक्का
आगरा के टेड़ी बगिया में 10 रुपये के किराए को लेकर विवाद हिंसक हो गया। नशे में ऑटो चला रहे चालक ने महिलाओं से मारपीट की, एक महिला को चलती गाड़ी से धक्का दिया और बाइक सवारों को टक्कर मार दी। भीड़ ने चालक की पिटाई कर दी, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
नशे में ऑटो दौड़ाया, रोकने पर नहीं रुका, पीछा करने पर बाइक सवारों को मारी टक्कर, महिला का हाथ टूटा, भीड़ ने चालक को पीटा
आगरा। आगरा के ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र के टेड़ी बगिया इलाके में महज 10 रुपये के किराए को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया। आरोप है कि ऑटो चालक ने न सिर्फ महिलाओं से अभद्रता की, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की और चलती ऑटो से एक महिला को धक्का दे दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, ऑटो चालक नशे में धुत था और वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था। जब महिलाओं ने उसे ऑटो रोकने के लिए कहा तो वह नहीं रुका। इससे घबराकर कुछ लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन इस दौरान चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना के दौरान आरोप है कि चालक ने रूबी बेगम नाम की महिला को चलते ऑटो से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका हाथ टूट गया। वहीं शबनम नाम की महिला ने बताया कि चालक ने सभी महिलाओं के साथ बदसलूकी की और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
ऑटो की टक्कर के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया और भीड़ ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच कर रही है।