आगरा में आविप का बड़ा एक्शन: 120 करोड़ की जमीन मुक्त कराई, महिलाओं ने किया जबर्दस्त विरोध
आगरा। आवास विकास परिषद (आविप) ने मंगलवार को सिकंदरा योजना सेक्टर-2 की बेशकीमती जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया। करीब 120 करोड़ रुपये कीमत की 11 हजार वर्ग मीटर भूमि पर लगभग 90 झुग्गी-झोपड़ियों का अवैध कब्जा था। अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार के आदेश पर अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल और पुलिस बल ने कार्रवाई की। जैसे ही जेसीबी लेकर टीम मौके पर पहुंची तो कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया और वे सामान समेटने लगे।
प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. खान ने बताया कि कब्जाधारियों को बार-बार नोटिस और चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने जगह खाली नहीं की। कार्रवाई शुरू होते ही महिलाओं ने जेसीबी के आगे खड़े होकर विरोध किया और झोपड़ी न हटाने की गुहार लगाई। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिलाएं हट गईं और लोग अपना सामान समेटने लगे। इसके बाद शाम तक पूरी जमीन जेसीबी से पूरी तरह समतल करा दी गई।
परिषद ने साफ किया कि यह जमीन व्यावसायिक प्लॉट्स के रूप में 30 सितंबर को ई-नीलामी के जरिए आवंटित की जाएगी। अभियान के दौरान अवर अभियंता मयंक, सुनील, आकाश सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने इसे आविप की बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि आगे भी अवैध कब्जों पर इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।