सर्वाइकल कैंसर, महिला रोगों और पाइल्स पर जागरूकता का अभियान, 300 से अधिक छात्राओं ने लिया लाभ

आगरा। महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शिवी कृष्णा फाउंडेशन द्वारा खंदारी स्थित आरबीएस इंटर कॉलेज में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर, महिला संबंधित रोगों तथा पाइल्स, फिशर और फिस्टुला जैसी समस्याओं के कारण, बचाव और उपचार पर विस्तार से जानकारी दी।

Dec 15, 2025 - 18:40
 0
सर्वाइकल कैंसर, महिला रोगों और पाइल्स पर जागरूकता का अभियान, 300 से अधिक छात्राओं ने लिया लाभ
शिवी कृष्ण फाउंडेशन द्वारा सोमवार को आयोजित किये गये शिविर की एक झलक।

शिवी कृष्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में खंदारी स्थित राजा बलवंत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता शिविर में छात्राओं और महिला अध्यापिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग किया गया। शिविर में पाइल्स, फिशर और फिस्टुला विशेषज्ञ वरिष्ठ सर्जन डॉ. अंकुर बंसल, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि बंसल तथा वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. उमा शर्मा ने अपने-अपने विषयों पर जानकारी साझा की।

चिकित्सकों ने छात्राओं को बताया कि सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर समय पर जांच और टीकाकरण से रोके जा सकते हैं। उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी से इसे अपनाने की अपील की। साथ ही पाइल्स, फिशर और फिस्टुला जैसी बीमारियों के शुरुआती लक्षणों को पहचानने और झिझक छोड़कर समय पर उपचार कराने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर विवेक वीर सिंह उपस्थित रहे। शिवी कृष्णा फाउंडेशन की अध्यक्ष अनीता पुंडीर, महासचिव डॉ. प्रशांत ए. सागर एवं कोषाध्यक्ष तन्वी मेहरा सागर ने चिकित्सकों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए। संस्था की ओर से समाज हित में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कैंसर और महिला स्वास्थ्य से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए तथा छात्राओं और महिला अध्यापिकाओं को सेनेटरी पैड भी प्रदान किए गए। शिविर में 300 से अधिक छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बबीता गुप्ता और राजेश विजय भी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor