गोवा में आयुष सम्मेलन 2.0: आगरा के 15 चिकित्सकों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान

आगरा। परंपरागत भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आयुष सम्मेलन 2.0 में देश-विदेश के 150 से अधिक वैद्यों ने सहभागिता की। इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन में आगरा शहर के 15 आयुष चिकित्सकों को उनके चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

Aug 2, 2025 - 20:29
Aug 2, 2025 - 21:53
 0
गोवा में आयुष सम्मेलन 2.0: आगरा के 15 चिकित्सकों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला सम्मान
गोवा में हुए आयुष सम्मेलन में मौजूद आयुष चिकित्सक अतिथियों के साथ।

इस सम्मेलन का आयोजन वैद्य अंतरराष्ट्रीय समन्वय एकीकरण परिषद द्वारा गोवा के एक रिसॉर्ट में किया गया। इसका उद्देश्य वैद्यों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच देना, नवाचार और शोध को बढ़ावा देना और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आधुनिक चिकित्सा क्षेत्र से जोड़ना रहा।

अतिथियों की सराहना, एआई और नवाचार पर हुआ संवाद

मुख्य अतिथि रेजिनाल्डो लौरेन्सी, गोवा के विधायक और औद्योगिक विकास निगम अध्यक्ष, रामप्पा टीआर, राष्ट्रीय आयोग प्रमुख, डॉ. सोमशेखर के., अमेरिका स्थित विश्व शांति पीजी विश्वविद्यालय के राजनयिक और डॉ. शोनित भट्ट ने इस आयोजन को आयुष चिकित्सा की वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।

सम्मेलन के सत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग, कौशल विकास, रोगी अनुभव और आधुनिक तकनीकों से आयुष को कैसे बेहतर बनाया जाए, इस पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए। वरिष्ठ वैद्यों ने अपने अनुभवों के साथ नई पीढ़ी को मार्गदर्शन दिया।

आगरा से जिन चिकित्सकों को मिला सम्मान

सम्मेलन में जिन 15 आगरा के चिकित्सकों को सम्मानित किया गया, उनमें सभी चिकित्सक आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी और योग चिकित्सा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं। आगरा के जो आयुष चिकित्सक सम्मानित किये गये, उनमें डॉ. संदीप कुमार शुक्ला, डॉ. एल. एन. मिश्रा, डॉ. ए. के. मिश्रा, डॉ. सुरेन्द्र यादव, डॉ. रोहित जैन, डॉ. पंकज, डॉ. सुहैल अख़्तर, डॉ. सी. पी. गौड़, डॉ. बी. एस. नेगी, डॉ. रमेश श्रीवास्तव, डॉ. रामनरेश यादव, डॉ. जमाल अहमद, डॉ. असलम, डॉ. गुलशन और डॉ. अविनाश शामिल हैं।

परिषद के संस्थापक डॉ. एमएम कुरैशी ने बताया कि आयोजन में हील हेल्थ सेंटर और अभिषेक जैन का सहयोग सराहनीय रहा। परिषद ने भविष्य में देश के विभिन्न राज्यों में इसी तरह के आयुष सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है।

इस अवसर पर डॉ. प्रकाश वसंतराव शिंदे, डॉ. संदीप शुक्ल (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक लखनऊ आयुष चिकित्सालय), डॉ. जयश्री (परुल विश्वविद्यालय), डॉ. निरूपमा (मुंबई), डॉ. ऋषि कपूर (हील हेल्थ सेंटर), डॉ. एल. एन. मिश्रा, डॉ. ए. के. मिश्रा, डॉ. अविनाश सिंह, रमेश श्रीवास (काकाजी) समेत अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor