आगरा कॉलेज में बी.ए. प्रथम वर्ष प्रवेश प्रक्रिया जारी, पहले दो दिनों में 677 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में बीए प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) की प्रवेश प्रक्रिया दिनांक 4 और 5 जुलाई 2025 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस दौरान कुल 677 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। यह जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम के निर्देशन में संचालित प्रवेश समिति द्वारा दी गई।
प्रवेश समन्वयक प्रो. मृणाल शर्मा के अनुसार, 4 जुलाई को 148 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया जबकि 5 जुलाई को यह संख्या 529 रही।
दस्तावेज़ सत्यापन की पूरी प्रक्रिया प्रवेश समिति द्वारा विधिवत संपन्न कराई गई। छात्रों की संख्या को देखते हुए परिसर में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों की तैनाती की गई, जिन्होंने पूरे संयम और सतर्कता के साथ भीड़ को नियंत्रित किया और प्रवेश प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखा।
प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया आगामी दिनों में भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आगरा कॉलेज, छात्रों की पहली पसंद बना हुआ है, जो कॉलेज की शिक्षा गुणवत्ता और जनविश्वास को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने प्रवेश समिति, प्रॉक्टोरियल बोर्ड, शिक्षकों और स्टाफ के समर्पण की सराहना की।
मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि जैसे-जैसे प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।