आगरा कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 23 व 24 दिसंबर को, उपस्थिति अनिवार्य
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में बी.ए. प्रथम वर्ष (सेमेस्टर–I) के मेज़र एवं माइनर विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी और बिना निर्धारित दस्तावेजों के परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि बी.ए. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि बी.ए. प्रथम वर्ष (सेमेस्टर–I) राजनीति विज्ञान विषय (मेजर एवं माइनर) के सभी विद्यार्थी (रेगुलर एवं री-एग्जाम) की प्रयोगात्मक परीक्षा 23 दिसंबर 2025, प्रातः 10:00 बजे से राजनीति विज्ञान विभाग में आयोजित की जाएगी। बी.ए. प्रथम वर्ष के अन्य सभी मेज़र/माइनर विषयों की वार्षिक प्रयोगात्मक परीक्षा 24 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी।
प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि सभी छात्र-छात्राओं को समय से परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ अपनी वार्षिक प्रयोगात्मक परीक्षा की फाइल अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अनुशासन का पालन करते हुए निर्धारित तिथि और समय पर अपनी-अपनी प्रयोगात्मक परीक्षाओं में पूर्ण मनोयोग से प्रतिभाग करें।