सूरसदन में कैप्टन शुभम के बलिदान दिवस पर बाबा सत्यनारायण मौर्य जगाएंगे देशभक्ति का ज्वार
आगरा में 22 नवंबर को देशभक्ति का एक अद्भुत संगम साक्षी बनेगा, जब सुरसदन प्रेक्षागृह लाल किले की भव्यता में रंगकर बलिदानी कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति को सलामी देगा। कला, संस्कृति और राष्ट्रभावना का अनूठा मेल लिए यह कार्यक्रम शहर में एक यादगार शाम लिखने जा रहा है, जिसमें अपनी विलक्षण प्रतिभा से देशभर में लोकप्रिय लेखक, कार्टूनिस्ट, चित्रकार और गीतकार बाबा सत्यनारायण मौर्य विशेष प्रस्तुति देंगे।
आगरा। कैप्टन शुभम फाउंडेशन द्वारा भारत विकास परिषद के सहयोग से आयोजित देशभक्ति से सजी एक शाम—कैप्टन शुभम के नाम कार्यक्रम सुरसदन प्रेक्षागृह में 22 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। बुधवार को धाकरान स्थित होटल मोती पैलेस में आयोजन समिति और भाविप सदस्यों ने आमंत्रण-पत्र का विमोचन किया, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत तैयारियों की जानकारी साझा की गई।
संयोजक प्रमोद सिंघल ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे बाबा सत्यनारायण मौर्य, जो देशभक्ति गीतों के गायन के साथ-साथ मंच पर ही उनसे प्रेरित पेंटिंग तैयार करेंगे। उनकी कविताएँ, प्रेरक उद्बोधन और बहुआयामी कला-साधना दर्शकों में रोमांच और नई ऊर्जा भरेंगी।
शुभम के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन बेटे कैप्टन शुभम गुप्ता को श्रद्धांजलि है, जो राष्ट्रसेवा में सर्वोच्च बलिदान देकर अमर हो गए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बाबा के विचार दैनिक जीवन और व्यवहार की सकारात्मकता को गहराई से छूने वाले होंगे।
आयोजन की विशेष थीम के तहत पूरा सुरसदन परिसर लाल किले की तर्ज पर सजाया जा रहा है। स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति-प्रधान रंगोली बनाई जाएगी, जिससे पूरे परिसर में उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्रभावना का वातावरण व्याप्त रहेगा।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की सभी शाखाएं और शहर की अनेक सामाजिक संस्थाएं उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रही हैं। विमोचन समारोह में प्रमुख रूप से रवि शिवहरे, डॉ. केशव दत्त गुप्ता, डॉ. तरुण शर्मा, अखिलेश भटनागर, विनय सिंघल, डॉ. कैलाश सारस्वत, पुष्पेंद्र सिसोदिया, वीरेंद्र सिंघल, वंदना अग्रवाल, उमेश बंसल, धर्मगोपाल मित्तल, टीटू गोयल, चंद्रवीर सिंह, मनीष जैन, राजेश गोयल, अजय जैन, किशन गुप्ता, कुलभूषण गुप्ता, डॉ. नरेंद्र गुप्ता, तपन अग्रवाल, उमेश बाबू अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।