बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन का इस्तीफा, शेख हसीना से नजदीकी के कारण गई कुर्सी, इस्तीफा देने का था भारी दबाव
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्हें शेख हसीना का करीबी माना जाता था। उनकी राष्ट्रपति के पद पर नियुक्ति भी शेख हसीना के कार्यकाल में ही हुई थी। इसी नजदीकी के कारण वह विरोधियों को निशाने पर थे। उन पर इस्तीफा देने का भारी दवाब भी था।
ढाका। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से मंजूर कर लिया गया है। बांग्लादेशी संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉफ्रेंस बुलाई है। राष्ट्रपति का पद खाली होने के कारण, बांग्लादेश के संविधान के मुताबिक स्पीकर कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर कामकाज संभालेंगे, जब तक कि नया राष्ट्रपति पद नहीं संभाल लेता।
मोहम्मद शहाबुद्दीन को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का करीबी माना जाता है। उन्होंने हाल में ही शेख हसीना से बात भी की थी, जिसके बाद वह विरोधियों के निशाने पर थे। उन पर इस्तीफे का भारी दबाव था। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार के कहने पर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कार्यकाल खत्म होने से पहले दिया इस्तीफा। मोहम्मद शहाबुद्दीन ने 24 अप्रैल 2023 को बांग्लादेश के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। उन्हें सत्तारूढ अवामी लीग के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध चुना गया था। उनका पांच साल का कार्यकाल अप्रैल 2028 में खत्म होने वाला था। लेकिन, उन्होंने पहले ही इस्तीफा दे दिया है।
बताया जा रहा है कि मोहम्मद शहाबुद्दीन ने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दिया है। सूत्रों का कहना है कि शेख हसीना से करीबी के कारण उनकी कुर्सी गई है।
मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद अटकलें हैं कि कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति बन सकते हैं। उनका नाम शीर्ष संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सामने आ रहा है। हाल में ही ब्रिटेन में रहने वाले बांग्लादेशी पत्रकार जुल्करनैन साएर ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन इस्तीफा दे सकते हैं और सरकार मौजूदा कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी को उत्तराधिकारी नामित कर सकती है।