बरेली में बिजली विभाग का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, बैग से 1.76 लाख कैश मिला

-आरके सिंह- बरेली। बरेली के विद्युत विभाग में तैनात लिपिक (क्लर्क) अजीत कुमार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन टीम) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में की गई, जहां आरोपी बाबू एक व्यक्ति से घूस ले रहा था।

Aug 2, 2025 - 22:28
Aug 3, 2025 - 11:14
 0
बरेली में बिजली विभाग का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, बैग से 1.76 लाख कैश मिला
रिश्वत लेते गिरफ्तार बिजली विभाग का बाबू।

टीम ने मौके पर ही अजीत कुमार को धर दबोचा और उसकी तलाशी में 1.76 लाख रुपये की नकद राशि भी बरामद कर ली, जिसका कोई वैध स्रोत वह नहीं बता सका। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने बताया कि टीम शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे अधिशासी अभियंता प्रथम मनोज कुमार के कार्यालय पहुंची। यहीं पर अजीत कुमार घूस ले रहा था। गिरफ्तारी के बाद टीम ने उसे कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। इसके बाद उसके घर और दफ्तर में तलाशी अभियान भी चलाया गया।

पूछताछ में आरोपी के बैग से बरामद 1.76 लाख रुपये की नकदी का कोई वैध दस्तावेज, रसीद या हिसाब नहीं दे सका। टीम को शक है कि यह राशि भी घूस से ही अर्जित की गई हो सकती है।

पुलिस ने अजीत कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज गिरफ्तारी ने बरेली के बिजली विभाग में खलबली मचा दी है, जहां कर्मचारियों में डर और चर्चा का माहौल है।

SP_Singh AURGURU Editor