बरेली में नशे में धुत युवक ने गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, सास को टॊयलेट में बंद कर भागा
बरेली। जिले के भुता थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी की मामूली विवाद के बाद लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सास को भी बचाव के प्रयास में आरोपी ने शौचालय में बंद कर दिया और फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गांव मगरासा निवासी सोमपाल शराब का आदी है और अक्सर पत्नी से मारपीट करता था। बुधवार देर रात जब वह नशे में घर पहुंचा तो 25 वर्षीय पत्नी सुमन से गाली-गलौज करने लगा और फिर हिंसक होकर लाठी से ताबड़तोड़ वार करने लगा। सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।
चीखें गूंजीं, लेकिन कोई नहीं आया बचाने
सुमन की चीख-पुकार सुनकर उसकी दिव्यांग सास कमलेश्वरी (65) बहू को बचाने दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उन्हें शौचालय में बंद कर दिया। घटना के बाद सोमपाल फरार हो गया।
गुरुवार सुबह एक पड़ोसी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच कराई गई।
मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।