बरेली में पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर मौलाना ने खुद को आग लगाई, इलाज के दौरान मौत, मृत्यु से पूर्व बयां किया दर्द
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में हुसैनी मस्जिद के मुअज्जिन अब्दुल कादिर की इलाज के दौरान मौत हो गई। पारिवारिक विवाद और पत्नी की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। मृतक के भाई ने पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मृतक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
-आरके सिंह-
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंसारी में पारिवारिक विवाद के बीच आत्मदाह करने वाले हुसैनी मस्जिद के मुअज्जिन अब्दुल कादिर (28) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह आग की लपटों से घिरे सड़क पर भागते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके पीछे उनकी पत्नी भी दौड़ती नजर आ रही है।
पुलिस के अनुसार, अब्दुल कादिर ने 28 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे कथित रूप से खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। उन्हें आग की लपटों में घिरे देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे अब्दुल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक उपचार के बाद बुधवार शाम करीब 5 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के भाई ने थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को तहरीर देकर अपनी भाभी सादमा (24) पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि घरेलू विवाद के कारण अब्दुल मानसिक रूप से परेशान थे।
वहीं, पुलिस के अनुसार इलाज के दौरान दर्ज कराए गए अपने बयान में अब्दुल कादिर ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी अपने भाई के साथ मिलकर उनकी संपत्ति हड़पना चाहती थी। विरोध करने पर वह उन्हें प्रताड़ित करती थी। उन्होंने कथित रूप से कहा था कि पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस के मुताबिक, अब्दुल कादिर मोहल्ला अंसारी के निवासी थे और हुसैनी मस्जिद में मुअज्जिन के रूप में कार्यरत थे। वे मस्जिद में अजान भी देते थे। लगभग चार वर्ष पहले उनका निकाह सादमा से हुआ था। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक तीन वर्ष की बेटी और डेढ़ वर्ष का बेटा शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन जब अब्दुल आग की लपटों में घिरे घर से बाहर निकले तो मोहल्ले के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और उनका बयान दर्ज किया।
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच मृतक के बयान, सीसीटीवी फुटेज, परिजनों और पड़ोसियों के बयान सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारणों और आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।