बरेली पुलिस ने तीन माह में नशा तस्करों की कमर तोड़ी, 173 करोड़ के 4632 किलो मादक पदार्थ नष्ट कराए

बरेली। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान में बरेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन माह के भीतर 173 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद कर नष्ट कर दिए। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 711 मामलों में बरामद 4632.5 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

Jun 3, 2026 - 16:20
Jun 3, 2026 - 16:20
 0
बरेली पुलिस ने तीन माह में नशा तस्करों की कमर तोड़ी, 173 करोड़ के 4632 किलो मादक पदार्थ नष्ट कराए

-आरके सिंह-

बरेली। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान में बरेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन माह के भीतर 173 करोड़ 53 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ बरामद कर नष्ट कर दिए। जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 711 मामलों में बरामद 4632.5 किलोग्राम मादक पदार्थों का विधिक प्रक्रिया के तहत विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।

'ऑपरेशन दहन' के तहत नष्ट किए गए करोड़ों के मादक पदार्थ

पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि 1 मार्च से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 711 मुकदमों में बरामद 4632.5 किलोग्राम मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इन मादक पदार्थों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 173 करोड़ 53 लाख रुपये आंका गया है।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। न्यायालय की अनुमति, विभागीय स्वीकृति तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनापत्ति (एनओसी) प्राप्त होने के बाद पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराया गया।

नशा माफिया के नेटवर्क पर लगातार प्रहार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि बरेली पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी रणनीति के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके आर्थिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस केवल तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध कारोबार से अर्जित धन कहां निवेश किया गया और उससे किन-किन लोगों को लाभ पहुंचा। इससे नशा तस्करी के पूरे तंत्र को कमजोर करने में मदद मिल रही है।

लक्ष्य का 88 प्रतिशत हासिल, अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक निर्धारित लक्ष्य का लगभग 88 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। आगामी दिनों में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल तत्वों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों के विनिष्टीकरण से न केवल अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में भी मदद मिलेगी।