बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: लाखों की साइबर ठगी ‘होल्ड’, पीड़ितों को मिली त्वरित राहत

साइबर अपराध की बढ़ती चुनौतियों के बीच बरेली में इज्जतनगर पुलिस ने लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी को समय रहते रोक दिया। एनसीआरपी पोर्टल पर आई ताबड़तोड़ शिकायतों की जांच में जब पुलिस को धोखाधड़ी की पुष्टि मिली, तो तुरंत बैंकिंग सिस्टम से समन्वय कर राशि को होल्ड कराया गया। इससे न सिर्फ पीड़ितों को राहत मिली बल्कि साइबर ठगों के बड़े नेटवर्क की जांच भी तेज हो गई है।

Nov 26, 2025 - 18:25
Nov 26, 2025 - 18:26
 0
बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: लाखों की साइबर ठगी ‘होल्ड’, पीड़ितों को मिली त्वरित राहत

-आरके सिंह-

बरेली। साइबर ठगी के लगातार बढ़ते मामलों के बीच बरेली शहर की थाना इज्जतनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये बचाने में सफलता हासिल की है। थाना क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक लोगों के साथ ऑनलाइन फ्रॉड के मामले सामने आए थे, जिनकी जांच में अधिकांश शिकायतें सही पाई गईं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते साइबर ठगों के खातों में पहुंची भारी-भरकम रकम को समय रहते होल्ड कराया गया, जिससे पीड़ितों ने राहत की सांस ली।

इज्जतनगर थाना साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में एनसीआरपी पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज हुई थीं। जांच में पाया गया कि अधिकतर शिकायतें वास्तविक हैं और पीड़ितों ने सही समय पर सूचित कर पुलिस कार्रवाई आसान कर दी। तकनीकी टीम के साथ समन्वय बैठाकर बैंक से रकम रोकने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की गई, जिसके सकारात्मक नतीजे सामने आए।

इन पीड़ितों की धनराशि होल्ड कराई गई

पुलिस की तत्परता से प्रगति गुप्ता (लाजपतनगर) को बड़ी राहत मिली, जिनके खाते से निकले ₹3,15,000 में से ₹1,06,719.88 को तुरंत होल्ड करा लिया गया। एयरफोर्स स्टेशन निवासी ऋषि कुमार के मामले में ₹16,040 की पूरी राशि सुरक्षित कर ली गई।

आशुतोष सिटी के अभिषेक शर्मा के खाते से निकाले गए ₹18,000 को भी पुलिस ने समय रहते रोक दिया। वहीं विष्णुधाम कॉलोनी की राखी गंगवार दो अलग-अलग ऑनलाइन ठगी की शिकार बनीं—पहले मामले में ₹32,999.45 में से ₹32,540.04, और दूसरे मामले में ₹9,450 में से ₹40,946 की रकम होल्ड की गई, जो इस कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा रही।

बसंत विहार की उर्मिला के ₹29,800 में से ₹18,206 को, और वीर सावरकर नगर निवासी हिमांशु अग्रवाल के ₹6,000 की पूरी राशि को भी सफलतापूर्वक सुरक्षित कराया गया। विष्णु एनक्लेव की लिपिका के ₹83,434 में से ₹23,653 पर रोक लगाई गई, जबकि सैनिक कॉलोनी की पूजा के ₹11,600 में से ₹11,146 को पुलिस ने तुरंत होल्ड कराया।

स्टेशन HRM सेक्शन के अजय कुमार को भी राहत मिली, जिनके ₹26,000 साइबर अपराधियों तक पहुँचने से पहले ही रोक दिए गए। सबसे बड़ी राहत तुलाशेरपुर निवासी रोहित अरोरा को मिली, जिनके ₹2,71,900 में से ₹55,161 और ₹27,167 की राशि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षित कराई।

जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अंकित कुमार ने सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट प्रभारी निरीक्षक को सौंपी। जांच में पुष्टि होने के बाद अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

एसपी सिटी बोले- जल्द पहुंचेगी पुलिस मुख्य गिरोह तक

बरेली के पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि इज्जतनगर पुलिस हर शिकायत को अलग मुकदमे में दर्ज कर रही है, जिससे अपराधियों तक पहुँच आसान होगी। उन्होंने कहा कि बैंक अलर्ट और पीड़ितों की त्वरित शिकायत के कारण बड़ी रिकवरी संभव हुई है। पुलिस जल्द ही इस ठगी नेटवर्क पर बड़ा ऑपरेशन चलाकर मुख्य ठगों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor