बरेली कुली ने पार्सल एजेंसी के ठेकेदारों भाइयों को गोली मारी, एक की मौत
बरेली। भीड़भाड़ वाले बरेली के सेटेलाइट बस स्टैंड पर पार्सल एजेंसी चलाने वाले दो फ्रेंचाइजी ठेकेदार भाइयों को एक कुली ने गोली मार दी, जिसमें एक भाई अनुज पांडे की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। बस स्टैंड के पास तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने आरोपी कुली को दबोच लिया। बस स्टैंड पर हुई गोलीबारी से वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी।
कुली ने दोनों ठेकेदार भाइयों को उनके केबिन में घुसकर गोली मारी। घटना स्थल पर पहुंचे एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि अतुल पांडे और उनके भाई अनुज पांडे ने पार्सल एजेंसी की फ्रेंचाइजी ले रखी है। सेटेलाइट बस स्टैंड पर उनका ऑफिस है। ठेकेदार भाइयों और कुली के बीच पहले से पार्सल के रेट को लेकर विवाद चल रहा था।
आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। करीब छह महीने पहले अतुल पांडेय, निवासी किशनगंज खंडवा, थाना अंतु, प्रतापगढ़ ने बरेली के सैटेलाइट और रोडवेज बस अड्डे पर कुलियों और पार्सल का ठेका लिया था। इससे पहले यहां पर कुली स्वतंत्र रूप से काम करते थे। ठेकेदारी शुरू होने के बाद उन्हें कमाई का कुछ हिस्सा ठेकेदार को कमीशन के रूप में देना पड़ता था। इसे लेकर कुलियों में असंतोष था। दो फरवरी को इसी विवाद को लेकर कुलियों और ठेकेदार पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया था।
मंगलवार को दिन छिपते ही कुली नौबत यादव (निवासी मेहतरपुर करोड़, थाना बिथरी चैनपुर) ठेकेदार अतुल पांडेय और उनके भाई अनुज पांडेय के केबिन में पहुंचा। उस समय अतुल तख्त पर लेटा था और अनुज वहीं पास में बैठा हुआ था। नौबत यादव ने अचानक तमंचा निकालकर अनुज के सीने में गोली मार दी और फिर कमर के नीचे एक और गोली दाग दी। उसके भाई अतुल को भी गोली मारी, जिससे वह घायल हो गया। अतुल ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन नौबत भागने लगा। गोली की आवाज सुनते ही पास में मौजूद चौकी पर तैनात सिपाही दीपांशु और यातायात पुलिसकर्मियों ने तुरंत एक्शन लिया और नौबत यादव को दौड़ाकर पकड़ लिया।
उधर, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अतुल का इलाज जारी है। अस्पताल में भर्ती अनुल पांडे ने बताया कि कुली लगातार उन्हें परेशान कर रहे थे। उन्होंने इस मामले की शिकायत एआरएम से भी की थी। पांच दिन पहले कुली ने उनके साथ मारपीट की थी और उनका सिर फोड़ दिया था। उन्होंने इस मामले की बारादरी थाने में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने हलकी धारा में चालान किया था। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए थे और उसने आज उन पर और उनके भाई पर गोली चला दी।