बरेलीः जेल की सलाखों के बीच राखी का स्नेह: बहनों ने बांधी राखी, दिलाई सुधार की शपथ

-आरके सिंह- बरेली। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बरेली सेंट्रल जेल-2 में एक अनोखा और भावनात्मक नजारा देखने को मिला। जेल परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था, जहां बहनें रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों के थाल लेकर अपने बंदी भाइयों से मिलने आईं। जैसे ही भाई-बहन आमने-सामने हुए, भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

Aug 9, 2025 - 14:05
 0
बरेलीः जेल की सलाखों के बीच राखी का स्नेह: बहनों ने बांधी राखी, दिलाई सुधार की शपथ
सलाखों के पीछे भी नहीं टूटा भाई-बहन का रिश्ता…। बरेली जेल में राखी के धागे ने बांधा सुधरने का संकल्प। एक भावुक दृश्य।

अपराध छोड़ने की दिलाई शपथ

परंपरागत रीति-रिवाज से राखी बांधने के बाद बहनों ने अपने भाइयों को शपथ दिलाई कि वे अपराध की दुनिया को छोड़कर समाज में एक प्रतिष्ठित और सम्मानजनक जीवन जिएंगे। कई भाई बहनों से मिलते ही भावुक हो उठे और सुधार का संकल्प लिया।

भावनाओं से भरा हर कोना

थाना भमोरा क्षेत्र से आए भूपेंद्र चौधरी (काल्पनिक नाम) ने बताया कि उनकी तहेरी बहन ममता (काल्पनिक नाम) ने उनसे वादा किया कि अब वह किसी भी अपराध से दूर रहेगी। वहीं पांच बहनों में अकेले भाई प्रदीप नामदेव (काल्पनिक नाम) को राखी बांधने आईं सभी बहनों ने अपने भाई की बेगुनाही पर विश्वास जताया।

महिला आयोग की विशेष पहल

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बंदी महिलाओं से भेंट की, उन्हें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और जिनके भाई नहीं आए थे, उन्हें स्वयं राखी बांधी।

जेल प्रशासन की सराहना

जेलर शैलेश कुमार सिंह, उप जेलर चैतन्य कुमार सिंह, उप जेलर पियूष पांडेय और अन्य स्टाफ ने इस आयोजन को विशेष बनाने में अहम भूमिका निभाई। मिठाई, पानी और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था ने माहौल को और भी सौहार्दपूर्ण बना दिया।

SP_Singh AURGURU Editor