बरेली में 15 लाख कीमत की ‘जहरीली’ मछली का खेल बेनकाब: मीरगंज में थाई मांगुर तस्करी पर बड़ा एक्शन, ट्रक छोड़ भागे तस्कर, लखनऊ लैब को भेजे गए सैंपल
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली की तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है, जिसने खाद्य सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मत्स्य विभाग की टीम ने मीरगंज क्षेत्र में छापेमारी करते हुए करीब 20 से 25 कुंतल प्रतिबंधित मछली बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान तस्कर ट्रक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, हाईवे पर पीछा कर पकड़ा ट्रक
मत्स्य विभाग की उपनिदेशक गायत्री पांडेय ने बताया कि विभाग को पुख्ता सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से हरियाणा ले जाई जा रही प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली बरेली के रास्ते होकर गुजरेगी। सूचना मिलते ही टीम ने मीरगंज राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया और हाईवे पर संदिग्ध ट्रक की घेराबंदी शुरू कर दी।
बैगुल नदी पुल के पास ट्रक छोड़ भागे तस्कर
खतरा भांपकर तस्कर ट्रक को बैगुल नदी पुल के पास खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। जब टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में थाई मांगुर मछली के करीब 10 दिन के बच्चे भरे हुए पाए गए, जिन्हें अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा था।
प्रशासन मौके पर, लखनऊ लैब को भेजे गए सैंपल
घटना की जानकारी मिलते ही मीरगंज एसडीएम आलोक कुमार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार और लेखपाल आदित्य गंगवार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में मछलियों के सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं, ताकि कानूनी कार्रवाई को मजबूत आधार मिल सके।
फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि बरामद ट्रक को थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। जैसे ही प्रयोगशाला से रिपोर्ट आएगी, संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया जाएगा।
स्वास्थ्य के लिए खतरनाक, इसलिए पूरी तरह प्रतिबंधित
उपनिदेशक गायत्री पांडेय ने स्पष्ट किया कि थाई मांगुर मछली स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक मानी जाती है। इसके सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। यही कारण है कि भारत सरकार ने इसके पालन, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है।
सख्त चेतावनी- तस्करी पर नहीं होगी कोई ढील
मत्स्य विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में कहीं भी प्रतिबंधित मछली के पालन या तस्करी की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बड़े खुलासे के बाद अब प्रशासन पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी में जुट गया है।