आगरा में बसंत पंचमी पर स्कूल, समाज और संस्कार केंद्रों में उमंग, राष्ट्रभाव और मानव सेवा के रंग
आगरा। विद्या, बसंत और सेवा का पावन पर्व बसंत पंचमी ताज नगरी में शिक्षा-संस्कार, राष्ट्रभाव और मानवता के त्रिवेणी संगम के रूप में मनाया गया। कहीं विद्यालयों में मां सरस्वती की आराधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं, तो कहीं मानव सेवा के प्रेरणादायी कार्यों ने पर्व को सार्थक बना दिया। 23 जनवरी 2026 को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों ने बसंत पंचमी को केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का उत्सव बना दिया।
प्रिल्यूड में बसंत पंचमी संग पराक्रम दिवस का आयोजन
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, दयालबाग में बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा ग्यारह की ध्रुवि और गीतिका द्वारा प्रस्तुत स्वागत से हुआ। विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, निदेशिका श्रीमती सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्य अरविंद श्रीवास्तव एवं समन्वयिकाओं ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
विद्यालय के गायक समूह द्वारा सरस्वती वंदना से वातावरण सात्विक हो उठा। पीले वस्त्रों में सजे प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों ने बसंत की अनुपम छटा बिखेरी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा ग्यारह के अंशुमन ने बसंत पंचमी का महत्व बताया, जबकि विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने नृत्य व काव्य पाठ से मन मोह लिया।
इसी अवसर पर पराक्रम दिवस भी मनाया गया। कक्षा ग्यारह की कशिश ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान पर प्रकाश डाला और यूकेजी के शमित मखीजा ने नेताजी का अभिनय कर तुम मुझे खून दो… का ओजस्वी उद्बोधन प्रस्तुत किया। अंत में प्राचार्या ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और धन्यवाद ज्ञापन अर्जरागिनी ने दिया। खिचड़ी एवं लेखन सामग्री का वितरण भी किया गया।
गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में खिचड़ी वितरण, एमएलसी विजय शिवहरे की सहभागिता
बसंत पंचमी के मौके पर गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में खिचड़ी वितरण करते एमएलसी विजय शिवहरे।
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर खतैना रोड, प्रताप नगर स्थित नवस्थापित गर्भ संस्कार एवं मेटरनिटी होम में खिचड़ी वितरण तथा बच्चों को कॉपी-पेन जैसी लेखन सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर आगरा के एमएलसी विजय शिवहरे ने सहभागिता निभाई और संस्थान के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर इसकी अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने इस अभिनव एवं समाजोपयोगी प्रकल्प की सराहना करते हुए विधायक निधि से सहयोग का आश्वासन दिया।
संस्थान परिवार से अध्यक्ष अशोक कुमार एडवोकेट, मनोज अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, राकेश गर्ग, सचिन गोयल, राजीव जैन, अमित पटेल (उपसभापति नगर निगम आगरा), संतोष अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, श्रीमती गरिमा अग्रवाल, रिचा मित्तल, सुमन सुराणा मौजूद रहीं और उनके योगदान हेतु आभार व्यक्त किया गया।
Top of Form
पंचवटी कॉलोनी की मानव सेवा से महका बसंत
बसंत पंचमी के मौके पर रामलाल वृद्धाश्रम और गौशाला के लिए सहयोग प्रदान करते पंचवटी कॊलोनी के लोग।
बसंत पंचमी की पावन सुबह ताज नगरी के पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी में मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। पंचवटी परिवार द्वारा रामलाल वृद्धाश्रम एवं गौशाला के लिए धनराशि व गृह उपयोगी सामग्री एकत्र करने हेतु सेवा शिविर आयोजित किया गया।
यह शिविर 23 जनवरी 2026 को पंचवटी योग केंद्र में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक चला। वृद्धाश्रम के शिव प्रसाद शर्मा ने अपनी टीम के साथ सहयोग किया। समाजसेवी श्याम भोजवानी एवं उपेंद्र सिंह ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यातायात बाधा सेवा में बाधा नहीं बननी चाहिए।
इस अवसर पर सुशील आहूजा, जसवंत पसरीचा, गजराज सिंह यादव, गंभीर सिंह, सुरेंद्र सिंह छाबरा, प्रगेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रेम, पीताम्बर और पुष्टिमार्गीय रस में रंगा वसंतोत्सव
आगरा। नाई की मंडी स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में वसंत पंचमी का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और पुष्टिमार्गीय परंपराओं के अनुरूप भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्याम बिहारी जी की विशेष वसंत सेवा संपन्न हुई, जिसमें ऋतुराज वसंत के स्वागत का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि वसंत पंचमी से वसंत ऋतु का आगमन माना जाता है। इसी भाव के अंतर्गत ठाकुर जी को पीताम्बरी वस्त्र धारण कराए गए तथा केसर युक्त दूध से मंगल स्नान कराया गया। श्रृंगार में सरसों, गेंदा सहित पीले पुष्पों का प्रयोग किया गया, जो वसंत का प्रतीक है।
सेवायत सुनीत गोस्वामी ने बताया कि महोत्सव के दौरान ठाकुर जी को बसंती कक्ष (ऋतुराज भवन) में विराजमान किया गया। ब्रज परंपरा के अनुसार ठाकुर जी के चरणों एवं गालों पर हल्का गुलाल-अबीर अर्पित किया गया, जिससे होली उत्सव की मंगल शुरुआत मानी जाती है।
पुष्टिमार्गीय राग सेवा के अंतर्गत वसंत ऋतु पर आधारित पदों का मधुर गायन किया गया। सरसों की मंजरी अर्पित कर वसंत पूजन संपन्न हुआ। आयोजन की व्यवस्था प्रबंधक दिनेश पचौरी एवं आशीष पचौरी द्वारा की गई।
बसंत पंचमी व राम मंदिर के दो वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय भगवा दल का भंडारा
आगरा। बसंत पंचमी और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रीय भगवा दल द्वारा शास्त्रीपुरम स्थित निखिल पेराडाइज के सामने भंडारे एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री हनुमान जी मंदिर, निखिल पेराडाइज शास्त्रीपुरम में संपन्न हुआ।
शुक्रवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राम भक्तों ने सहभागिता की। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर भगवा ध्वजों और ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम में अमोल दीक्षित, शशिकांत शर्मा, रवि सोनी, विवेक मिश्रा, वंश शर्मा, विजय बघेल, आयुष अग्निहोत्री, मनोज, विशाल, तरुण जुम्मानी, नवीन शर्मा, दीपक, राजीव, मीडिया प्रभारी परमिंदर व्यास सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।