बटेश्वरः आधी रात बाद यमुना में नहाने गया युवक डूबा, परिजनों में कोहराम, पुलिस ने कुछ नहीं किया
आगरा। बाह तहसील के प्रमुख तीर्थ स्थल बटेश्वर धाम में रविवार देर रात यमुना नदी में नहाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। गहरे पानी में डूबने के बाद युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने कोई मदद नहीं की, जिससे घटना के कई घंटे बाद भी युवक के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका है।
रात के अंधेरे में यमुना में नहाना बना जानलेवा
यमुना में डूबे युवक की पहचान 22 साल के दुष्यंत पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी गढ़ी गजेंद्रा (शमसाबाद) रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे दुष्यंत अपने कुछ साथियों के साथ तीर्थधाम बटेश्वर में यमुना नदी किनारे गया था। इसी दौरान वह नहाते हुए गहरे पानी में चला गया और अचानक डूब गया। राजेश्वरी घाट पर नहाते समय डूब गया। मृतक आईटीआई का छात्र था।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
दुष्यंत के डूबने की खबर मिलते ही परिजन बटेश्वर पहुंचे और स्थानीय पुलिस व प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई राहत कार्य नहीं शुरू किया गया। मृतक के परिवार के पप्पू सिंह व अन्य परिजनों का कहना है कि पुलिस मौके पर आई जरूर, लेकिन न गोताखोर बुलाए गए और न ही रेस्क्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
कोहराम और अनदेखी
दुष्यंत के डूबने की सूचना पूरे गांव में फैलते ही कोहराम मच गया। परिजन तड़प रहे हैं, लेकिन घंटों बीत जाने के बावजूद यमुना नदी से युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इससे स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।