बीएड प्रवेश परीक्षाः बरेली में मोबाइल और पर्चियों के सहारे परीक्षा दे रहे पांच अभ्यर्थी दबोचे गए
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालयों की संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को जनपद बरेली के 13 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हालांकि परीक्षा की निष्पक्षता को चुनौती देने की कोशिश करने वाले पांच अभ्यर्थियों को सचल उड़ाका दल ने नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इनमें दो अभ्यर्थी मोबाइल फोन की मदद से और तीन अभ्यर्थी पर्चियों के माध्यम से नकल करते पाए गए। सभी के खिलाफ अनुचित साधन प्रयोग (यूएफएम) के अंतर्गत कार्रवाई की गई। वहीं अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

बरेली में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए पंक्तिबद्ध परीक्षार्थी।
बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा के लिए जनपद बरेली में परीक्षा संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी गई थी। परीक्षा के दौरान नकल और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए गठित सचल उड़ाका दल लगातार सक्रिय रहा और विभिन्न केंद्रों पर औचक निरीक्षण करता रहा।
मोबाइल और पर्चियों के सहारे नकल करते पकड़े गए अभ्यर्थी
निरीक्षण के दौरान उड़ाका दल ने दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर दो अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन के माध्यम से नकल करते हुए पकड़ा। इसके अलावा एक अन्य केंद्र पर तीन अभ्यर्थी पर्चियों की मदद से प्रश्नों के उत्तर लिखते पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी मामलों में यूएफएम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की।
5561 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से पांच हजार से अधिक हुए शामिल
जनपद बरेली में संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 5561 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में आयोजित प्रश्नपत्र-1 की परीक्षा में 5012 अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 549 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में आयोजित प्रश्नपत्र-2 में 5023 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 538 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
दोनों पालियों की परीक्षाएं निर्धारित समयानुसार शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गईं।
कुलसचिव और नोडल अधिकारियों की निगरानी में हुई परीक्षा
परीक्षा के सफल संचालन के लिए महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी हरिश चंद तथा नोडल समन्वयक प्रो. एस.के. पाण्डेय के नेतृत्व में सभी व्यवस्थाओं का संचालन किया गया। जनपद समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार और उप नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण सिंह ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और समन्वय किया।
बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय की टीम ने भी किया निरीक्षण
परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आयोजन विश्वविद्यालय बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि प्रो. एल.सी. साहू और श्री सुरेश मौर्य ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रक्रिया की समीक्षा की।
बायोमैट्रिक सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी रही प्रभावी
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री के वितरण एवं संकलन की विशेष व्यवस्था की गई। अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी के समन्वय में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परीक्षा सामग्री को सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से केंद्रों तक पहुंचाया गया तथा परीक्षा के बाद सुरक्षित रूप से वापस संकलित किया गया।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, बायोमैट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप लागू की गईं। विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों ने भी विभिन्न केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित की।