बहनजी हमारी बड़ी नेता, लेकिन समाज को मरने के लिए नहीं छोड़ सकते, आगरा में बोले चंद्रशेखर
आगरा। बहनजी हमारी बड़ी नेता हैं, लेकिन हम समाज को मरने के लिए नहीं छोड़ सकते। यह बात कही आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने। वह रविवार को सूरसदन सभागार में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी का बिगुल बजाते हुए कहा कि अब वक्त है सत्ता तक पहुंचने का, ताकि समाज के लिए समान शिक्षा, चिकित्सा और स्थायी नौकरियों जैसी नीतियां लागू की जा सकें।
-सूरसदन में प्रबुद्धजन सम्मेलन में कहा- 2027 में सत्ता पाने के लिए जुटें, अब समय हमारा है
निजीकरण से आरक्षण खतरे में
चंद्रशेखर ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार सोच-समझकर निजीकरण को बढ़ावा दे रही है ताकि आरक्षण को खत्म किया जा सके। उन्होंने यह भी दोहराया कि संविदा कर्मचारियों को पक्का करना पार्टी की प्राथमिकता होगी।
देश के नीति निर्माता बनिए, सफाईकर्मी नहीं
सांसद ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे पारंपरिक रूप से थोपे गए कामों को छोड़कर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और सांसद जैसे पदों को प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि, शुद्धता का दावा करने वालों को वही काम सौंप दो, जो आज तक तुम्हें दिया गया।
नर्सिंग होम विवाद और पुलिस पर तीखा हमला
चंद्रशेखर ने दो दिन पहले सरकार नर्सिंग होम पर हुए बवाल का ज़िक्र करते हुए पुलिस पर जातीय दुराचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक पुलिस अधिकारी ने कार्यकर्ताओं को लात मारने और पिटवाने का काम किया। साथ ही उन्होंने चुनौती दी कि अगर पुलिस के पास सबूत हैं तो सार्वजनिक करें। अगर बाबा साहब का अपमान हुआ है, तो कार्रवाई होनी ही चाहिए।
बहनजी का सम्मान, लेकिन समाज पर चुप्पी मंजूर नहीं
पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर ने कहा कि उनका बहुजन समाज पार्टी और मायावती (बहनजी) से मतभेद नहीं है, लेकिन अगर नेतृत्व चुप है, तो वे आवाज़ उठाएंगे। उन्होंने कहा, हम बहनजी के अधूरे कामों को पूरा कर रहे हैं।
लखनऊ में बड़ा प्रदर्शन जल्द
सांसद ने ऐलान किया कि वे जल्द ही लखनऊ में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे, ताकि सरकार को यह बताया जा सके कि आत्मसम्मान की लड़ाई कैसे लड़ी जाती है।