प्यार में धोखा, ‘सुसाइड ड्रामा’ और 30 मिनट में पुलिस घर पर
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक ने प्रेम में धोखा मिलने के बाद आत्महत्या का फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। मेटा के एआई सिस्टम ने वीडियो को सुसाइड कंटेंट मानकर पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस 10 मिनट में युवक के घर पहुंच गई और उसे सुरक्षित पाया। युवक ने स्वीकार किया कि उसने केवल प्रेमिका को डराने के लिए यह वीडियो बनाया था। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग कर भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी।
मेटा के एआई अलर्ट से बची बड़ी अनहोनी, आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र का मामला
आगरा। आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के अब्बास नगर में एक 20 वर्षीय युवक ने प्रेम में धोखा मिलने के बाद आत्महत्या का फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। युवक का मकसद प्रेमिका को डराना और वीडियो को वायरल करना था, लेकिन यह ‘ड्रामा’ उस पर ही भारी पड़ गया। वीडियो अपलोड होने के महज 30 मिनट बाद सोशल मीडिया कंपनी के एआई सिस्टम ने इसे आत्महत्या से जुड़ा कंटेंट मानते हुए पुलिस को अलर्ट भेज दिया। अलर्ट मिलते ही पुलिस हरकत में आई और 10 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई। वहां पहुंचने पर युवक पूरी तरह सुरक्षित मिला। बाद में पता चला कि यह वीडियो आत्महत्या का नाटक था।
अब्बास नगर निवासी साहिल (20) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो में दिख रहा था कि उसके हाथ में 18-18 गोलियों की दो स्ट्रिप थीं। वह एक-एक कर सभी गोलियां निकालता है और एक साथ खा लेता है। इसके बाद पानी पीता है।
वीडियो में उसकी आंखों में आंसू नजर आ रहे थे और बैकग्राउंड में दर्द भरा गाना चल रहा था। पोस्ट में लिखा था- सब टैबलेट खा गया एक ही बार में… कुछ नहीं रहा मुस्कान में, मेरी जिंदगी खत्म हो चुकी है। पोस्ट पर समय दर्ज था- 11:07 P.M., सोमवार 16/02/2026।
साहिल ने पुलिस को बताया कि जो गोलियां उसने खाईं, वे खुजली की दवा थीं और वीडियो केवल भावनात्मक प्रतिक्रिया में बनाया गया था।
30 मिनट में मेटा का अलर्ट, तुरंत पुलिस एक्शन
वीडियो अपलोड होने के करीब आधे घंटे बाद मेटा के एआई सिस्टम ने इसे संभावित सुसाइड कंटेंट मानते हुए स्थानीय पुलिस को अलर्ट भेजा — “एक लड़का आत्महत्या कर रहा है, उसे बचाइए।” अलर्ट मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और लोकेशन ट्रेस कर 10 मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गई। सिपाहियों ने युवक और उसके परिवार से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि युवक 10वीं पास है और गाड़ी मैकेनिक का काम करता है। उसने प्रेम संबंध में धोखा मिलने के बाद भावनात्मक आवेश में वीडियो बनाया था।
पुलिस की काउंसलिंग, भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी
पुलिस टीम ने युवक की मौके पर काउंसलिंग की और समझाया कि इस प्रकार का कदम न केवल खुद के लिए बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर परिणाम ला सकता है।
साहिल ने पुलिस को आश्वासन दिया कि भविष्य में वह इस तरह का कोई वीडियो नहीं बनाएगा। उसने यह भी कहा कि उस पर किसी का दबाव नहीं था और उसने भावुक होकर यह कदम उठाया। उसके भाई आजम ने भी कहा कि परिवार को वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और धन्यवाद दिया।
सोशल मीडिया पर ‘ड्रामा’ बन सकता है बड़ा खतरा
यह घटना दिखाती है कि सोशल मीडिया पर आत्महत्या जैसे संवेदनशील विषयों को लेकर की गई जरा-सी लापरवाही भी बड़ा मामला बन सकती है। एक ओर जहां एआई सिस्टम की सतर्कता से संभावित खतरा टल गया, वहीं यह मामला युवाओं के लिए चेतावनी भी है कि भावनात्मक आवेश में ऐसा कोई कदम न उठाएं जो खुद और परिवार के लिए परेशानी का कारण बने।