यमुना कटान और रहन कलां व रायपुर भूमि अधिग्रहण विवाद पर भाकियू का कलक्ट्रेट पर हल्ला बोल
आगरा। यमुना कटान से बर्बाद होती उपजाऊ भूमि, किसानों के विस्थापन और रहन कलां–रायपुर भूमि अधिग्रहण विवाद को लेकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना–प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक बैठक और समझौते से निर्णय नहीं होगा, तब तक वे अपनी एक इंच भूमि भी नहीं देंगे।
जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक भाकियू के बैनर तले किसानों का शांतिपूर्ण धरना चला। किसानों ने बैनर-पोस्टर लेकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की और सरकार से यमुना कटान प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन ने एडीएम (राजस्व एवं वित्त) शुभांगी शुक्ला और एडीएम (प्रोटोकॉल) अविनाश तिवारी को ज्ञापन सौंपा गया।
मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। जब तक उन्हें फसल का पूरा मूल्य और भूमि सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक विकास अधूरा रहेगा। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने कहा कि यमुना नदी की कटान से हजारों किसानों की जमीन, मकान और जीविका सब नष्ट हो गई है, लेकिन सरकार अब तक चुप है। उन्होंने मांग की कि यमुना किनारे स्थायी तटबंध बनाया जाए, समतुल्य भूमि दी जाए और सभी ऋण माफ किए जाएं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तहसील एत्मादपुर के मौजा रायपुर और रहन कलां में आगरा विकास प्राधिकरण और प्रशासन की मिलीभगत से किसानों को धमकाया जा रहा है। यूनियन ने चेताया कि अब किसानों से बिना संवाद के भूमि अधिग्रहण नहीं होगा। पहले वार्ता, फिर निर्णय।
धरने के दौरान किसानों ने प्रदेशभर में बढ़ती कृषि लागत, एमएसपी को कानूनी दर्जा, आवारा पशुओं से फसल सुरक्षा, आलू उत्पादकों की समस्या, बिजली दरों में राहत और फसल बीमा भुगतान में पारदर्शिता जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
ज्ञापन में यमुना किनारे के ग्राम — बरौली गुर्जर, कुई कुमरगढ़, ठार रामपुर, लायकपुरा, पंजाब नगर, गोला, बरौली, भगदा आदि के किसानों को बाढ़ और कटान से हुए नुकसान का पूर्ण मुआवजा देने तथा इन्हें आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की गई।
धरने में युवा प्रकोष्ठ मंडल अध्यक्ष विपिन यादव, महानगर अध्यक्ष मनीष वर्मा, विष्णु कटारा, नत्थू सिंह धाकरे, तांतीराम जादौन, कृष्णवीर सिंह, श्यामवीर सिंह चाहर, बाबा मानसिंह, अभिषेक तारोलिया, कृष्णकांत शर्मा, रणजीत सिंह यादव, अनुरुद्ध सिंह, गवर्नर सिंह तोमर, संदीप शर्मा, मेघ सिंह प्रधान, कोमल सिंह बघेल, रणजीत सिंह रघुवंशी, हरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, महाराज सिंह सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
Top of Form
Bottom of Form