राष्ट्र रक्षा की हुंकार के साथ मना भारत रक्षा मंच का स्थापना दिवस, आगरा में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन

आगरा। राष्ट्रहित सर्वोपरि के उद्घोष और भारत की सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के संकल्प के साथ भारत रक्षा मंच ने अपना 16वां स्थापना दिवस सिकंदरा रोड स्थित सिटी ढाबा पर भव्यता से मनाया। इस अवसर पर मंच ने आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की घोषणा भी कर दी, जो 5 से 7 सितंबर तक आगरा में आयोजित होगा।

Jul 1, 2025 - 18:24
 0
राष्ट्र रक्षा की हुंकार के साथ मना भारत रक्षा मंच का स्थापना दिवस, आगरा में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
सिकंदरा रोड स्थित सिटी ढाबा पर आयोजित भारत रक्षा मंच के 16वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करतीं मुख्य वक्ता सुजेन आनंद। मंचसीन हैं संत बाबा प्रीतम सिंह, राजेन्द्र जयराम, श्रीनिवास गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता आदि।

राष्ट्रधर्म को बताया सर्वोच्च

समारोह का शुभारंभ राज्यसभा सांसद नवीन जैन और संत बाबा प्रीतम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। बाबा प्रीतम सिंह ने युवाओं से राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए भारत की अखंडता और आत्मसम्मान की रक्षा का आह्वान किया।

सांसद नवीन जैन ने मंच को एक जागृत राष्ट्र आंदोलन बताया जो केवल संगठन नहीं, बल्कि भारत की सुरक्षा, संस्कृति और चेतना की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

मुख्य वक्ता सुजेन आनंद ने भारत रक्षा मंच की स्थापना, उद्देश्य और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मंच निरंतर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, अवैध घुसपैठ और सांस्कृतिक हमलों के विरुद्ध सक्रिय है। उन्होंने बताया कि मंच राष्ट्र रक्षा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के तीन स्तंभों पर कार्य कर रहा है।

5 से 7 सितंबर को आगरा में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन

आयोजन संयोजक श्रीनिवास गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से हजारों प्रतिनिधि जुटेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। अधिवेशन में सीमा सुरक्षा, सांस्कृतिक आक्रमण, घुसपैठ और राष्ट्रहित विषयों पर मंथन होगा। श्रीनिवास गुप्ता ने रोहिंग्या घुसपैठ पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से कठोर नीति की मांग की।

समारोह की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र जयराम ने की। इस अवसर पर ब्रज प्रांत अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, रवि प्रकाश अग्रवाल, आगरा जिला अध्यक्ष आदित्य पाराशर, रेनू बंसल, अनिल गुप्ता (फिरोजाबाद), अशोक गुप्ता (मथुरा), केएम महेश्वरी, मोहन गुप्ता, संदीप परमार, गुड्डू रावत आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor